18वें एशियाई खेलों का समापन, भारत का रहा शानदार प्रदर्शन

18वें एशियाई खेलों की समापन जकार्ता में एक भव्य और रंगारंग समारोह में हुआ। समारोह में पारंपरिक संगीत और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच विभिन्न खेलों में हिस्सा लेने वाले हजारों खिलाड़ी एकत्रित हुए। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने तिरंगे झंडे के साथ भारतीय दल का नेतृत्व किया। 18वें एशियाई खेलों में भी चीन का वर्चस्व रहा। वहीं भारतीय खिलाड़ियों ने इस बार एशियाई खेलों के इतिहास में सबसे अधिक पदक प्राप्त किए हैं।
चीन ने इन एशियाई खेलों में 132 स्वर्ण, 92 रजत और 65 कांस्य के साथ कुल 289 पदक जीते। इसके अलावा जापान ने 205 पदकों के साथ दूसरे और 177 पदकों के साथ दक्षिण कोरिया तीसरे स्थान पर रहा। जबकि भारत ने भी अपना अब तक का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 15 स्वर्ण, 24 रजत तथा 30 कांस्य पदक प्राप्त किये। भारत ने इस खेलों में 69 पदक जीते।