कैप्टन अमरिंदर सिंह ने घोषित किया अपने नए राजनीतिक दल का नाम

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और अनुभवी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने नए राजनीतिक दल के नाम की घोषित कर दी है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से आधिकारिक तौर पर त्यागपत्र भी दे दिया है।

अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने राजनीतिक दल का नाम घोषित किया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर बताया कि उनकी पार्टी का नाम ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ होगा।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को अपने राजनीतिक दल का नाम घोषित करने के साथ ही कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से आधिकारिक तौर पर त्यागपत्र भी दे दिया है।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी छोड़ने की घोषणा की है और साथ में सोनिया गांधी से यह भी कहा है कि पार्टी ने पंजाब में सिद्धू को प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाने का जो फैसला किया है, उसको लेकर एक दिन उन्हें पछताना पड़ेगा।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कई ऐसी बातें भी लिखी हैं, जिनके जरिए सीधे सोनिया गांधी पर निशाना साधा गया है। उन्होंने लिखा है कि सिद्धू के मामले में दखल देने के बजाय राहुल और प्रियंका गांधी उसको समर्थन देते रहे तथा सोनिया गांधी ने सिद्धू के कपट से आँखें बंद कर लीं।