शंघाई सहयोग संगठन एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने चीन गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात की। चीनी राष्ट्रपति के साथ बैठक में विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार विमर्श हुआ।
यह महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक चीन के तियानजिन में हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए राष्ट्रपति शी जिनपिंग का आभार जताया। पीएम ने पिछले वर्ष कज़ान में चीनी राष्ट्रपति के साथ हुई बैठक का ज़िक्र किया।
पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा मिली है और सीमा पर शांति-स्थिरता बनी हुई है। पीएम ने विशेष दूत स्तर की वार्ता से दोनों देशों के संबंधों में हुई प्रगति को भी रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और चीन के सहयोग से 2.8 अरब लोगों के हित जुड़े हुए हैं। पीएम ने कहा कि इस द्विपक्षीय सहयोग से पूरी मानवता के कल्याण का मार्ग भी प्रशस्त होगा। पीएम ने परस्पर विश्वास, सम्मान और संवेदनशीलता के आधार पर रिश्तों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।










