Friday, April 24, 2026
Homeखास खबरजापान को हराकर एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के सुपर फोर में पहुंचा...

जापान को हराकर एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के सुपर फोर में पहुंचा भारत

बिहार के राजगीर में खेले गए पूल-ए के मैच में भारत ने जापान को 3-2 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। इसके साथ ही  भारत एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के सुपर फोर चरण में पहुंच गया है।

खेल के तीसरे मिनट में मंदीप सिंह ने विपक्षी टीम की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए गोल किया और भारत को बढ़त दिला दी। भारतीय टीम के कप्‍तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन जारी रखते हुए 2 गोल दागे और अपनी टीम की लगातार दूसरी जीत सुनिश्चित कर दी। भारतीय टीम के गोल कीपर कृष्‍ण बहादुर पाठक ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीम के कई हमलों को नाकाम कर दिया।

जापान के लिए कवाबे ने अंतिम क्षणों में 2 गोल दाग कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन भारतीय खिलाडियों ने अंत तक जापान की टीम को नियंत्रण में रख कर मैच जीत लिया। भारत के अभिषेक को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पूल-ए में भारत ने अपने दोनों मैच जीते हैं और 6 अंक लेकर वह शीर्ष पर बना हुआ है। तीन अंकों के साथ चीन दूसरे स्‍थान पर है।

आज भारत अपने अंतिम पूल मैच में कजाख्स्‍तान के साथ खेलेगा। यह मैच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। पूल-ए के अन्‍य मैच में चीन और जापान आमने-सामने होंगे। वहीं पूल-बी में आज बांग्‍लादेश का मुकाबला दक्षिण कोरिया से और मलेशिया का चीनी ताईपे से होगा।  

Related Articles

Latest News