भारत के महान एथलीट फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

Flying Sikh, Indian legend

भारत के महान एथलीट मिल्खा सिंह का एक महीने तक कोरोना संक्रमण से जूझने के बाद शुक्रवार को निधन हो गया। इससे पहले उनकी पत्नी और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर का कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया था।

पद्मश्री मिल्खा सिंह 91 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनके बेटे गोल्फर जीव मिल्खा सिंह और तीन बेटियां हैं। उनके परिवार के एक प्रवक्ता ने बताया उन्होंने रात 11:30 बजे अंतिम सांस ली। भारत के महान एथलीट मिल्खा सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने शोक जताते उन्हें एक चमत्कारी खिलाड़ी बताया, जिसने राष्ट्र को सम्मोहित कर लिया था और अनगिनत भारतीयों के दिल में जगह बनाई थी।

प्रधानमंत्री ने कई ट्वीट करते हुए कहा कि मिल्खा सिंह के निधन के साथ हमने एक ऐसा चमत्कारी खिलाड़ी खो दिया है जिसने राष्ट्र को सम्मोहित कर लिया था और अनगिनत भारतीयों के दिल में जगह बनाई थी। उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व ने उन्हें लाखों लोगों का प्रिय बना दिया था। उनके निधन से व्यथित हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि मैंने कुछ ही दिन पहले मिल्खा सिंह से बात की थी। मुझे नहीं पता था कि यह हमारी अंतिम बातचीत होगी। कई उदीयमान एथलीट उनकी जीवन यात्रा से प्रेरणा ग्रहण करेंगे। उनके परिवारजनों तथा दुनिया भर में फैले उनके प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।