मानसून की रफ्तार थमने के बाद उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश राज्य भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून 29 मई से महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ की सीमा पर ठहरा हुआ है।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून के आगे नहीं बढ़ने से तापमान में बेतहाशा वृद्धि दर्ज की जा रही है, इससे एक ओर जहां भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, वहीं कई राज्यों में हीटवेव चल रही है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि आज शुक्रवार को अधिकतर राज्यों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर जा सकता है। इन राज्यों में दिन के साथ-साथ रातें भी तपेंगी।
वहीं मौसम विभाग ने कर्नाटक, गोवा, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना जताई है।
देश में मानसून 29 मई से महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर रुका हुआ है, जिससे उत्तर-पश्चिमी राज्यों में गर्मी बढ़ रही है। इन राज्यों में फिलहाल गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं दिख रही है और तापमान लगातार ज्यादा बना रह सकता है।









