Homeखास खबरसंसद का मानसून सत्र: आज राज्यसभा में एक तथा लोकसभा में 3...

संसद का मानसून सत्र: आज राज्यसभा में एक तथा लोकसभा में 3 विधेयक होंगे पेश

SHABD, नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान आज दोनों ही सदनों में कई अहम विधेयक चर्चा और पारित किए जाने के लिए पेश होंगे। लोकसभा में आज तीन विधेयक पारित किए जाने के लिए पेश होंगे। वहीं राज्यसभा में आज तटीय पोर्ट विधेयक 2025 चर्चा के लिए सूचीबद्ध है।

लोकसभा में आज राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक 2025 राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक 2025 और भारतीय पत्तन विधेयक 2025 पारित किए जाने के लिए पेश होंगे।

राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक 2025 खेलों के विकास और संवर्धन, खिलाड़ियों के लिए कल्याणकारी उपायों तथा सुशासन के बुनियादी सार्वभौमिक सिद्धांतों पर आधारित नैतिक आचरण का प्रावधान करता है। यह विधेयक ओलंपिक और खेल आंदोलन की नैतिकता और निष्पक्ष खेल, ओलंपिक चार्टर, पैरालंपिक चार्टर, अंतर्राष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं और स्थापित कानूनी मानकों को भी बढ़ावा देता है। विधेयक का उद्देश्य खेल संबंधी शिकायतों और खेल विवादों का एकीकृत, न्यायसंगत और प्रभावी तरीके से समाधान प्रदान करना भी है।

इसके साथ ही लोकसभा में राष्ट्रीय एंटी डोपिंग संशोधन विधेयक 2025 पर भी चर्चा के लिए सूचीबद्ध है। यह बिल राष्ट्रीय एंटी डोपिंग एक्ट 2022 में संशोधन का प्रयास करता है। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया दोनों बिलों को पारित कराने का प्रस्ताव रखेंगे।

इसके अलावा लोकसभा में भारतीय पत्तन विधेयक 2025 भी चर्चा के लिए सूचीबद्ध है। यह विधेयक समग्र पोर्ट विकास को बढ़ावा देने, व्यापार करने में सहूलियत प्रदान करने और भारत के समुद्रतट का इष्टतम उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्‍वपूर्ण कदम है।

यह विधेयक राज्य समुद्री बोर्डों की स्थापना और सशक्तिकरण का भी प्रावधान करता है, ताकि प्रमुख पोर्ट्स के अलावा अन्य पोर्ट्स का प्रभावी प्रबंधन किया जा सके, साथ ही समुद्री राज्य विकास परिषद की स्थापना की जाएगी। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल इस बिल को पारित कराने का प्रस्ताव रखेंगे।

Related Articles

Latest News