Friday, April 24, 2026
Homeजन-मनऑक्सीजन सिलेंडर गोदाम में भीषण आग, धमाके से दहशत

ऑक्सीजन सिलेंडर गोदाम में भीषण आग, धमाके से दहशत

 (हि.स.)। कोलकाता के काकुड़गाछी में बुधवार देर रात ऑक्सीजन सिलेंडर गोदाम में भयंकर आग लग गई। सिलेंडर विस्फोट की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।

भीषण अग्निकांड में गोदाम जलकर राख हो गया। रात करीब ढाई बजे यह घटना घटी। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। गुरुवार सुबह तक आग पर काबू पा लिया गया।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात मानिकतला में एक ऑक्सीजन गोदाम में आग लग गई। आग किस कारण लगी यह स्पष्ट नहीं है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि आग फैलते ही सिलेंडरों में एक के बाद एक विस्फोट होने लगे। खबर मिलते ही घटनास्थल पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं। युद्ध स्तर पर काम शुरू हुआ। सुबह तक आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, अभी भी कुछ जगहों पर आग बुझाने का काम जारी है।

घटना से इलाके में व्यापक दहशत फैल गई। स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट इतना तेज था कि कई लोगों के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। हालांकि, किसी के घायल होने या हताहत होने की घटना नहीं हुई।

उल्लेखनीय है कि बुधवार रात को पहले न्यूटाउन की झुग्गी बस्ती में आग लगी थी। कई झुग्गियां जलकर राख हो गई थीं। उसके तुरंत बाद देर रात काकुड़गाछी के ऑक्सीजन सिलेंडर गोदाम में आग लग गई। सर्दियों में शहर में दो जगहों पर अग्निकांड की घटनाओं ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है, लेकिन सावधानी के तौर पर निगरानी जारी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Latest News