महाशिवरात्रि: भगवान शिव की आराधना का विशेष दिन, बन रहे हैं शुभ योग

शिव का अर्थ होता है कल्याणकारी और भगवान शिव सबकी मनोकामना पूर्ण करते हैं। महाशिवरात्रि भगवान शिव के पूजन और आराधना का विशेष दिन होता है। ऐसी मान्यता है कि भोलेनाथ शिव का सच्चे मन से स्मरण करो तो भगवान शिव प्रसन्न हो जाते हैं। उनका पूजन भी बहुत सरल होता है, केवल जलाभिषेक, बिल्वपत्रों को चढ़ाने और रात्रि भर जागरण करने मात्र से भगवान शिव प्रसन्न हो जाते हैं।

फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को महाशिवरात्रि मनाई जाती है। इस बार महाशिवरात्रि मंगलवार 1 मार्च के दिन पड़ रही है। इस दिन शिव की आराधना करने और उपवास रखने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होगी। पौराणिक मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव ने सन्यासी जीवन से ग्रहस्थ जीवन में प्रवेश किया था। महाशिवरात्रि की रात्रि को भक्त जागरण करके माता पार्वती और भगवान शिव की आराधना करते हैं, जिससे उनकी सभी मनोकामना पूरी होती है।

शिवपुराण में रात्रि के चारों प्रहर में शिव पूजा का विधान है। उपवास रखने वाले को फल, फूल, चंदन, बिल्व पत्र, धतूरा, धूप व दीप से रात के चारों प्रहर में शिवजी की पूजा करनी चाहिए, साथ ही भोग भी लगाना चाहिए। इसके साथ ही दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से अलग-अलग तथा सबको एक साथ मिलाकर पंचामृत से शिवलिंग को स्नान कराकर जल से अभिषेक करें। चारों प्रहर की पूजा में शिवपंचाक्षर मंत्र यानी ॐ नम: शिवाय का जाप करें। अगले दिन प्रातः नहाकर भगवान शिव की पूजा करने के बाद व्रत का समापन करना चाहिए।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार चतुर्दशी तिथि मंगलवार 1 मार्च को सुबह 3:16 से शुरू हो रही है, जो देर रात 1 और 2 मार्च की मध्य रात्रि 1 बजे तक रहेगी। महाशिवरात्रि के दिन दो शुभ योग बन रहे हैं। महाशिवरात्रि के दिन परिघ योग बन रहा है जो सुबह 11:18 बजे तक रहेगा। इसके बाद से शिव योग प्रारंभ होगा है, जो बुधवार 2 मार्च को प्रात: 8:21 बजे तक रहेगा। इसके अलावा महाशिवरात्रि के दिन पंचग्रही योग भी बन रहा है। इस दिन मकर राशि में मंगल, शनि, चंद्रमा, शुक्र और बुध ग्रह एक साथ उपस्थित होकर पंचग्रही योग का निर्माण करेंगे।

महाशिवरात्रि तिथि और शुभ मुहूर्त

निशीथ काल पूजा का समय- 1 व 2 मार्च की मध्यरात्रि में 12:08 बजे से 12:58 बजे तक

महाशिवरात्रि पहले पहर की पूजा- 1 मार्च 2022 को शाम 6:21 बजे से रात्रि 9:27 बजे तक

महाशिवरात्रि दूसरे पहर की पूजा- 1 मार्च को रात्रि 9:27 बजे से 1 व 2 मार्च की मध्य रात्रि 12:33 बजे तक

महाशिवरात्रि तीसरे पहर की पूजा- 1 व 2 मार्च की मध्य रात्रि 12:33 बजे से सुबह 3:39 बजे तक

महाशिवरात्रि चौथे पहर की पूजा- 2 मार्च 2022 को सुबह 3:39 बजे से सुबह 6:45 बजे तक

महाशिवरात्रि पारण समय- बुधवार 2 मार्च सुबह 6:45 बजे