नई दिल्ली. भारत में T20 वर्ल्ड कप के मुकाबले न खेलने पर अड़े रहने के बाद ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। उसकी जगह स्कॉटलैंड को 20 टीमों के इस आईसीसी इवेंट में शामिल किया गया है। इस फैसले से बांग्लादेश के कई खिलाड़ियों में नाराजगी देखने को मिली थी। खिलाड़ियों का कहना था कि सरकार ने उनसे बिना राय लिए ही यह निर्णय लिया।
लिटन दास समेत खिलाड़ियों ने जताई थी नाराजगी
टी20 टीम के कप्तान लिटन कुमार दास सहित कई खिलाड़ियों ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि टीम वर्ल्ड कप खेलने के लिए पूरी तरह तैयार थी, लेकिन सरकारी निर्देशों के चलते उन्हें बाहर होना पड़ा। इस फैसले से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) पर भी सवाल उठे थे।
BCB ने घोषित की नई घरेलू T20 प्रतियोगिता ‘ODOMMO’
खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए अब BCB ने एक नई घरेलू T20 प्रतियोगिता की घोषणा की है। इस टूर्नामेंट का नाम ODOMMO बांग्लादेश टी20 कप 2026 रखा गया है। बांग्ला भाषा में ODOMMO का अर्थ होता है अडिग या न हार मानने वाला।
5 से 9 फरवरी तक खेला जाएगा टूर्नामेंट
यह प्रतियोगिता 5 फरवरी से 9 फरवरी तक आयोजित होगी। इसमें कुल तीन टीमें हिस्सा लेंगी—
-
Dhumketu XI
-
Durbar XI
-
Duronto XI
इस टूर्नामेंट का उद्देश्य T20 वर्ल्ड कप के दौरान देश के सर्वश्रेष्ठ व्हाइट-बॉल खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच देना है।
तीनों टीमों के कप्तान घोषित
-
Dhumketu XI की कप्तानी करेंगे लिटन कुमार दास
-
Durbar XI के कप्तान बनाए गए हैं नजमुल हुसैन शांतो
-
Duronto XI की कमान संभालेंगे अकबर अली
2.5 करोड़ टका की इनामी राशि, पूरी तरह प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट
BCB ने साफ किया है कि यह टूर्नामेंट सिर्फ औपचारिक या प्रतीकात्मक नहीं होगा। बोर्ड के अनुसार, इसमें कुल 2.5 करोड़ टका (करीब 1.87 करोड़ रुपये) की इनामी राशि और खिलाड़ियों की फीस रखी गई है।
क्रिकबज के हवाले से एक BCB अधिकारी ने कहा,
“हम खिलाड़ियों को मैच फीस देंगे और इनाम की राशि भी आकर्षक होगी। हमारा लक्ष्य इसे पूरी तरह प्रतिस्पर्धी बनाना है।”
इम्पैक्ट प्लेयर नियम और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल
इस प्रतियोगिता में इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू किया जाएगा, जिससे मैचों में रणनीति का नया आयाम जुड़ेगा।
ग्रुप स्टेज के मुकाबले 5, 6 और 7 फरवरी को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 9 फरवरी को होगा।
हर मैच वाले दिन शाम 4 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम 6 बजे से क्रिकेट मुकाबला शुरू होगा।
फिटनेस कैंप और कोचिंग स्टाफ की भी घोषणा
टूर्नामेंट से पहले BCB 1 फरवरी से शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए फिटनेस कैंप आयोजित करेगा।
कोचिंग स्टाफ इस प्रकार होगा:
-
Dhumketu XI: हेड कोच – मोहम्मद सलाहुद्दीन, असिस्टेंट – मोहम्मद अशरफुल
-
Durbar XI: हेड कोच – मिजानुर रहमान बाबुल, असिस्टेंट – तुषार इमरान
-
Duronto XI: हेड कोच – हन्नान सरकार, असिस्टेंट – राजिल सालेह











