Tuesday, March 10, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर में एक्टिवा से टकराकर बारहसिंगा की मौत, दम्पति घायल, जीसीएफ रोड...

जबलपुर में एक्टिवा से टकराकर बारहसिंगा की मौत, दम्पति घायल, जीसीएफ रोड पर दुर्घटना

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में जीसीएफ पोस्ट आफिस के सामने उस वक्त अफरातफरी मच गई। जब तेज गति से जा रही एक्टिवा से सड़क पार कर रहा बारहसिंगा टकरा गया। हादसे में बारहसिंगा की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक्टिवा सवार दम्पति अनियंत्रित होकर गिर गए, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई। घटना की खबर मिलते ही जीसीएफ के सुरक्षा कर्मी व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी।

बताया गया है कि आज लोकेश ध्यानी अपनी पत्नी को एक्टिवा में बिठाकर रांझी से शहर की ओर रवाना हुए। जब वे जीसीएफ पोस्ट आफिस के सामने से गुजर रहे थे, इस दौरान श्वानों ने बारहसिंगा को खदेड़ दिया, जो सड़क पर आकर एक्टिवा से टकरा गया। जिससे बारहसिंगा की मौके पर मौत हो गई। वहीं आगे जाकर एक्टिवा सवार दम्पति भी अनियंत्रित होकर गिर गए, जिससे उनके हाथ, पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई।

हादसे को देख आसपास से गुजर रहे लोगों सहित फैक्टरी के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाया।वहीं खबर मिलते ही नगर निगम और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गौरतलब है कि इस रोड पर जंगली जानवरों का सड़क पर आ जाना आम बात है। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से सड़क के दोनों ओर जालियां भी लगवाई गई हैं। इसके बाद भी जानवर जंगल से निकलकर सड़क तक पहुंच जाते हैं जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।

Related Articles

Latest News