Friday, April 17, 2026
Homeमध्य प्रदेशकटनी में थूकने पर विवाद, नाबालिग ने चाकू से हमला कर बिहार...

कटनी में थूकने पर विवाद, नाबालिग ने चाकू से हमला कर बिहार के युवक की कर दी हत्या

कटनी. मध्य प्रदेश के कटनी के बरगवां क्षेत्र में रविवार 8 मार्च की देर रात थूकने जैसे मामूली विवाद में एक 30 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।

रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह ने बताया कि यह घटना 8 मार्च की रात करीब 8:30 बजे हुई। मृतक की पहचान मोहम्मद आसिफ अली (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मोहम्मद मुमताज अहमद के पुत्र थे। आसिफ मूलत: बिहार के मधुबनी जिले के निवासी थे और वर्तमान में बरगवां स्थित संजय बजाज के ऑफिस के पास रह रहे थे।

रविवार रात आसिफ अपने ऑफिस के बाहर सड़क पर खड़े थे, तभी वहां मौजूद एक नाबालिग से उनका विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद की जड़ सड़क पर थूकने जैसी एक छोटी सी बात थी। बहस इतनी बढ़ गई कि आवेश में आकर नाबालिग ने अपने पास रखे चाकू से आसिफ की जांघ पर गहरा वार कर दिया।

उपचार के दौरान अस्पताल में मौत

चाकू लगने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण आसिफ वहीं सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रंगनाथ नगर पुलिस सक्रिय हुई।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी नाबालिग को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।

Related Articles

Latest News