Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशमप्र के टीकमगढ़ में क्रिकेट खेल रहे सेना के जवान की हार्ट...

मप्र के टीकमगढ़ में क्रिकेट खेल रहे सेना के जवान की हार्ट अटैक से मौत

टीकमगढ़ (हि.स.)। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में सोमवार को सेना के जवान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि क्रिकेट खेलने के दौरान उसके सीने में दर्द हुआ और उसकी तबीयत बिगड़ गई। जवान एक महीने की छुट्टी पर घर आया था। उसे 6 फरवरी को ड्यूटी पर लौटना था।

मामला जिले के लिधौरा थाना क्षेत्र के मरगुवां गांव का है। जहां रहने वाला 35 वर्षीय विनोद वंशकार थल सेना में सैनिक है और वह वर्तमान में सारंगपुर में पदस्थ है। वह एक महीने की छुट्टी पर घर आया था। सोमवार सुबह अचानक उसे सीने में दर्द हुआ। परिजन जिला अस्पताल लेकर आए, प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।

इसके बाद परिजन उसके शव को गांव ले गए। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि सागर आर्मी कैंप से सेना के अधिकारी आ रहे हैं। अधिकारियों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आर्मी जवान विनोद वंशकार की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है। उनके घर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Latest News