Friday, April 17, 2026
Homeमध्य प्रदेशउज्जैन के महामंडलेश्वर को रेप में फंसाने की साज़िश

उज्जैन के महामंडलेश्वर को रेप में फंसाने की साज़िश

उज्जैन के प्रसिद्ध चारधाम मंदिर के महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज को रेप के झूठे मामले में फंसाकर ब्लैकमेल करने की साजिश का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने साध्वी सहित एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि रविवार को रंगपंचमी के मौके पर सूचना मिली थी कि दत्त अखाड़ा परिसर में महंत आनंदपुरी महाराज ने कुछ लोगों को पकड़ा है।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक महिला को पूछताछ के लिए थाने लाया गया।यहां वीडियो फुटेज देखने और पूछताछ में पता चला कि बनारस निवासी एक महिला को पूर्व महामंडलेश्वर साध्वी मंदाकिनी पुरी और युवक घनश्याम पटेल ने साजिश में शामिल किया था।

दोनों मिलकर महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज को बलात्कार के झूठे केस में फंसाकर ब्लैकमेल करने की योजना बना रहे थे। बता दें, साध्वी मंदाकिनी पुरी पहले भी एक मामले में जेल जा चुकी है।बनारस निवासी महिला ने बताया कि कुछ समय पहले वह उज्जैन आई थी।

तब उसकी मुलाकात साध्वी मंदाकिनी पुरी और घनश्याम पटेल से हुई थी। 27 फरवरी को घनश्याम पटेल उससे मिलने बनारस आया था और उसे 50 हजार रुपए देने का लालच दिया था और कहा था कि उज्जैन आकर महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद के खिलाफ बलात्कार का झूठा केस दर्ज करा देना।

उसने मना किया तो उसे धमकी दी गई। कहा कि जब वो उज्जैन गई थी, तब मंदाकिनी पुरी ने उसके कुछ अश्लील फोटो ले लिए हैं। अगर उनकी बात नहीं मानी तो उसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा।महामंडलेश्वर को फ़साने वाला घनश्याम पटेल अपने साथियों के साथ 8 मार्च को उज्जैन के दत्त अखाड़ा परिसर पहुंचा।

आरोप है कि यहां आरोपी घनश्याम पटेल महिला के बयान रिकॉर्ड कर रहा था। इसी दौरान आनंदपुरी महाराज, पंडित लोकेश शर्मा और संजय गोस्वामी वहां पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और तुरंत उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा को अवगत कराया।

एसपी ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को जांच के निर्देश दे दिए। इधर, एफआईआर दर्ज होने के बाद घनश्याम पटेल ने भी महिला के कुछ वीडियो वायरल किए जिसमे वो महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज पर गंभीर आरोप लगा रही है।

इधर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज ने साजिश रचने वाले लोगों को बेनकाब कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की बात कही है।

Related Articles

Latest News