मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने मैदानी अधिकारियों की अनदेखी और बाह्यस्रोत सेवा प्रदाता कंपनियों की मनमानी को लेकर पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी प्रबंधन को पत्र लिख कर अवगत कराया। हरेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि कंपनी प्रबंधन के आदेश के बाद भी न मैदानी अधिकारी सुन रहे हैं और न ही बाह्यस्रोत सेवा प्रदाता कंपनियां आदेश का पालन कर रही हैं।
हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी के शहडोल रीजन के मुख्य अभियंता के अंतर्गत डिंडोरी में कार्यपालन अभियंता कार्यालय में पदस्थ 64 आउटसोर्स कर्मचारियों को बाह्यस्रोत सेवा प्रदाता ऑल सर्विस ग्लोबल मुंबई ने तीन माह से वेतन नहीं दिया, साथ ही बोनस पीएफ एवं 11 माह के एरियर का भुगतान भी नहीं किया।
हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इसी तरह जबलपुर रीजन के मुख्य अभियंता के अंतर्गत अधीक्षण अभियंता जबलपुर नगर वृत्त में क्रिस्टल कंपनी के द्वारा 11 माह के एरियर का भुगतान नहीं किया गया है, जबकि उर्मिला कंपनी के द्वारा एरियर का भुगतान किस्तों में किया जा रहा है।
वहीं सागर रीजन के मुख्य अभियंता के अंतर्गत अधीक्षण अभियंता टीकमगढ़ वृत्त के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में कार्य करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को डीजी नकरानी कंपनी के द्वारा 11 माह के एरियर का भुगतान आज तक नहीं किया गया है, साथ ही हर महीने 7 तारीख को आउटसोर्स कर्मचारी को वेतन देने के आदेश हैं, मगर हर महीने देरी से वेतन दिया जाता है। कभी 12 तारीख को तो कभी 18 तारीख को वेतन दिया जाता है। इस प्रकार से डीजी नकरानी कंपनी के द्वारा आउटसोर्स कर्मचारी को परेशान किया जाता है।
संघ के अजय कश्यप, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, लखन सिंह राजपूत, इंद्रपाल सिंह, किशोर पांडे, विनोद दास, अमीन अंसारी, राजेश झरिया, शशि उपाध्याय, दशरथ शर्मा, संदीप दीपांकर, मुकेश पटेल, राकेश नामदेव, प्रदीप पांडे आदि ने पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि श्रम न्यायालय एवं ऊर्जा विभाग के आदेश के बावजूद बाह्यस्रोत सेवा प्रदाता कंपनियों के द्वारा आउटसोर्स कर्मचारी को वेतन एवं एरियर का भुगतान नहीं किया जा रहा है, ऐसे बाह्यस्रोत सेवा प्रदाताओं के ऊपर कड़ी कार्यवाही करते हुए आउटसोर्स कर्मचारियों को एरियर एवं समय पर वेतन का भुगतान कराये जाने का आदेश दिया जाये।











