Sunday, July 26, 2026
Homeमध्य प्रदेशडाक्टर हेमलता की 50 करोड़ की प्रापर्टी पर है कई रसूखदारों की...

डाक्टर हेमलता की 50 करोड़ की प्रापर्टी पर है कई रसूखदारों की नजर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित राइट टाउन क्षेत्र में जिला अस्पताल से रिटायर्ड डाक्टर हेमलता की 50 करोड़ की प्रापर्टी उनके लिए मुसीबत बन गई है। जिसे लेकर उपजे विवाद के बीच कई लोगों की नजर इस प्रापर्टी पर है। यहां तक कि डाक्टर हेमलता का इलाज तक प्रभावित हो रहा है।

डाक्टर की प्रापर्टी को लेकर चल रहे विवाद के बीच उनकी बहन कनकलता मिश्रा राजस्थान से जबलपुर पहुंच गई। उन्होने कहा कि करीब दो साल पहले ही संपत्ति की जिम्मेदारी गायत्री परिवार को सौंपने का फैसला लिया गया था। वहीं गायत्री परिवार का दावा है कि डॉ श्रीवास्तव ने प्रॉपर्टी का विधिवत दानपत्र भी तैयार कराया है।

गायत्री परिवार के ट्रस्टी ने सामने आए अपहरण के वीडियो को फर्जी बताते हुए कहा कि डॉ श्रीवास्तव की इच्छा पर ही उन्हें गायत्री मंदिर ले जाया जा रहा था। डॉ हेमलता श्रीवास्तव ने अपनी मर्जी से गायत्री परिवार ट्रस्ट के नाम वसीयत की हैए किसी तरह की जबरदस्ती नहीं की गई। डाक्टर हेमलता श्रीवास्तव जिला अस्पताल में पदस्थ रही हैं। उनके पति और बेटा भी डॉक्टर थे।

चार साल पहले बेटे और एक माह पहले पति का निधन हुआ। जिसके बाद से वे अकेली हैं। गायत्री परिवार के ट्रस्टी ब्रज बिहारी शर्मा का कहना है कि न केवल डॉ हेमलता बल्कि उनकी छोटी बहन कनकलता मिश्रा ने भी गायत्री परिवार को संपत्ति दान की है। इस मामले को लेकर दी गई शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है जांच में जो भी तथ्य सामने आएगे उस आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

बहन बोलीं, किसी ने अपहरण नहीं किया

डॉ हेमलता की बहन कनकलता मिश्रा ने स्पष्ट किया कि उनकी बहन का अपहरण नहीं हुआ है। वे स्वयं उनके साथ गायत्री मंदिर गई थीं। उन्होंने कहा कि दो साल पहले जब डॉ हेमलता पूरी तरह स्वस्थ थीं। तभी प्रॉपर्टी को लेकर चर्चा हो गई थी। यह तय हुआ था कि गायत्री परिवार उनकी और संपत्ति की देखभाल करेगा।

कनकलता मिश्रा ने डॉ तरुण बहरानी व डॉ मुखर्जी पर भी संपत्ति हड़पने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि तीनों मिलकर पिछले 11 दिनों से उन्हें परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि डॉण् सुमित जैन ने जमीन पर कब्जा करते हुए दीवार खड़ी कर ली है।

आईएमए ने जताई डॉ हेमलता के अपहरण की आशंका

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य डॉ अभिजीत विश्नोई ने बताया कि उन्हें भी सूचना मिली थी कि कुछ लोग डॉ श्रीवास्तव की संपत्ति हथियाने की कोशिश कर रहे हैं। एक सफेद कार में कुछ लोग डॉ हेमलता को ले जा रहे थे, जिस पर संदेह होने पर मदनमहल पुलिस को सूचना दी गई।

इसके बाद रात में ही उन्हें घर वापस लाया गया। डॉ विश्नोई ने कहा कि हर मरीज को समुचित इलाज का अधिकार है। आईएमए ने डॉ हेमलता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है।

Related Articles

Latest News