मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। सदन में प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण के बाद अनुपूरक बजट पर चर्चा हो रही है। भाजपा विधायक अभिलाष पांडे ने मध्य प्रदेश में संस्कृत भाषा के संवर्धन किए जाने की ओर स्कूल शिक्षा मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। विधायक ने संस्कृत में अपना ध्यानाकषर्ण रखा।
इस मामले पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने संस्कृत भाषा में अपना जवाब दिया। उन्होंने संस्कृत भाषा को लेकर आभार व्यक्त किया।
भाजपा विधायक शैलेंद्र जैन ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर कहा कि अगर कांग्रेस को जनता के मुद्दों से इतना ही लगाव है तो उन्हें शांतिपूर्वक विधानसभा की कार्यवाही में आकर अपनी बात रखनी चाहिए, न कि इस तरह परिसर में हंगामा करना चाहिए।
इससे पहले उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने प्रोविडेंट इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड के 2018-19, 2019-20 और 2020-21 के वर्षिक प्रतिवेदन पटल पर रखे।
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय छिंदवाड़ा का वार्षिक प्रतिवेदन वर्ष 2023-24 और मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग वार्षिक प्रतिवेदन एवं लेखा संपरिक्षक प्रतिवेदन 2024-25 पटल पर रखे।
इसके अलावा आज विधानसभा में काफी नाटकीयता भी देखने को मिली। पहले दिन गिरगिट के पोस्टर और दूसरे दिन भैंस के आगे बीन बजाने के बाद अब तीसरे दिन कांग्रेस विधायकों ने गले पत्तों की माला डालकर विरोध प्रदर्शन किया। नेता विपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में प्रोटेस्ट कर रहे विधायकों का आरोप है कि भाजपा सरकार वन अधिकार पट्टे नहीं देना चाहती।











