जबलपुर। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट-2026 में ऊर्जा विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले ने एमपी ट्रांसको द्वारा प्रस्तुत मॉडल की सराहना की।
ऊर्जा विभाग के स्टॉल पर प्रदर्शित हॉट सूट मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मॉडल में एक पुतले को एक्स्ट्रा हाई टेंशन इंसुलेटेड सूट पहनाया गया था, जिसे देखकर दर्शकों में उत्सुकता देखी गई। एमपी ट्रांसको के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर संदीप गायकवाड ने इसकी कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया।
बेयर हैंड तकनीक का उपयोग
उल्लेखनीय है कि विशेष इंसुलेटेड सूट को पहनकर प्रशिक्षित हॉटलाइन स्टाफ बेयर हैंड तकनीक के माध्यम से 400 केवी ट्रांसमिशन लाइनों पर बिना विद्युत आपूर्ति बाधित किए ही मरम्मत कार्य करते हैं। यह कार्य अत्यंत जटिल एवं उच्च दक्षता पूर्ण होता है।
इस अवसर पर मुख्यालय जबलपुर में पदस्थ एवं समिट में एमपी ट्रांसको के हॉटलाइन प्रशिक्षित लाइन स्टाफ का प्रतिनिधित्व करते हुए राजेंद्र कुमार कुशवाहा ने अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि 400 केवी की चालू लाइनों में खराब डिस्क बदलने जैसे जटिल कार्य भी प्रशिक्षित टीम द्वारा सफलतापूर्वक किए जाते हैं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने राजेंद्र कुशवाहा के उत्कृष्ट एवं जोखिमपूर्ण कार्य की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।











