Sunday, July 26, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी के चार जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट, 19 अगस्त...

एमपी के चार जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट, 19 अगस्त से एक्टिव हो रहा है मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम

भोपाल (हि.स.)। मध्‍यप्रदेश में एक बार फिर बारिश के आसार है। प्रदेश के सिंगरौली, पन्ना, कटनी और अनूपपुर में आज रविवार को तेज बारिश का अलर्ट है, जबकि ग्वालियर, जबलपुर में गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। वहीं मालवा-निमाड़ में मौसम साफ रहेगा। राजधानी भोपाल में सुबह से ही धूप निकली हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 19 अगस्त से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो रहा है। मानसून ट्रफ प्रदेश के शिवपुरी, सीधी होकर गुजर रही है। बंगाल की खाड़ी में यह लो प्रेशर एरिया के रूप में बदल गई है। इसका असर सोमवार से प्रदेश में ज्यादा दिखाई देगा। साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से भी बारिश का दौर बना रहेगा। इस वजह से रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग में दो दिन तक बारिश होगी। जबकि 20 अगस्त से पूरे प्रदेश में भारी बारिश का दौर रहेगा। वहीं, 21 और 22 अगस्त को अति भारी बारिश हो सकती है।

इससे पहले प्रदेश के ग्वालियर जिले में शनिवार को 36 मिमी यानी, डेढ़ इंच पानी गिर गया। नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी और बैतूल जिले में भी तेज बारिश हुई। पचमढ़ी में 1 इंच और बैतूल में आधा इंच से ज्यादा बारिश हो गई। छिंदवाड़ा और सतना में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। बता दें कि प्रदेश के मंडला और सिवनी ऐसे जिले हैं, जहां सबसे ज्यादा पानी गिरा है। मंडला में 42 और सिवनी में 41 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। भोपाल में 33 इंच पानी गिर चुका है, जो सीजन का 90 प्रतिशत तक है। प्रदेश के 20 जिलों में 30 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है। बारिश के मामले में श्योपुर और नर्मदापुरम जिले भी आगे हैं।

वहीं, प्रदेश में भले ही तेज बारिश का दौर थमा हुआ हो, लेकिन डैम-तालाबों में पानी का लेवल बढ़ रहा है। नदी-नालों के जरिए पानी जलस्रोतों में जमा हो रहा है। शनिवार को भी डैमों में पानी की आमद हुई। इनमें कोलार, बाणसागर, कुंडालिया, बरगी, इंदिरा सागर, ओंकारेश्वर, कलियासोत, भदभदा, केरवा समेत अन्य डैम भी शामिल हैं।

Related Articles

Latest News