जबलपुर। एमपी के जबलपुर शहर के धनवंतरी नगर चौराहे पर नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई उस समय विवादों में घिर गई, जब विभाग के एक अधिकारी का युवक के साथ बदसलूकी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में नगर निगम के अतिक्रमण विभाग में पदस्थ अधिकारी ब्रिज तिवारी एक स्थानीय युवक के साथ उग्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि अधिकारी ने अपना आपा खो दिया और युवक की कॉलर पकड़कर उसे सरेराह झंझोरने लगे। वीडियो में अधिकारी को यह कहते सुना जा सकता है कि जानता नहीं मैं नगर निगम से हूं।
हैरानी की बात यह है कि विवाद के दौरान अधिकारी ने युवक को कथित तौर पर काट डालने जैसी गंभीर धमकी भी दी। मौके पर मौजूद नागरिकों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसके बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
नागरिकों का कहना है कि यदि यही व्यवहार किसी आम व्यक्ति ने सरकारी कर्मचारी के साथ किया होता, तो अब तक उस पर मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया होता।











