मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश भर में चलाए जा रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत आज कुंडम विकासखंड में जल संरक्षण और पर्यावरण शुद्धि के लिए व्यापक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा ‘जल शक्ति से नव भक्ति’ कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल सहेजने का संकल्प दिलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान ग्राम झोझ स्थित खेरमाता मंदिर परिसर में ‘जल चौपाल’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जन अभियान परिषद् के जिला समन्वयक घनश्याम रायपुरिया ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि जल स्रोतों का पुनर्जीवन और संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा जल स्रोतों की साफ-सफाई और सोख्ता गड्ढों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई, ताकि वर्षा जल का संचयन प्रभावी ढंग से हो सके।
इसी कड़ी में ग्राम समनापुर में भी ग्राम चौपाल का आयोजन हुआ, जहाँ पर्यावरण संरक्षण और नई पौध रोपणी नर्सरी तैयार करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के बाद प्रस्फुटन समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर ग्राम के स्थानीय तालाब में सामूहिक श्रमदान किया और जल संरचनाओं की सफाई की।
कार्यक्रमों के दौरान विकासखंड समन्वयक विवेक मिश्रा ने उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण और संवर्धन की शपथ दिलाई।











