CM Kisan Kalyan Yojana : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी होने के बाद मध्य प्रदेश के किसानों की नजर अब मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की बकाया राशि पर टिकी है। 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 9.44 करोड़ किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपये की किस्त जारी की, जिसमें प्रदेश के 81.98 लाख किसान भी शामिल रहे। हालांकि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत मिलने वाली राशि का इंतजार अब भी जारी है।
पिछले वर्ष अगस्त के बाद से इस योजना की कोई किस्त जारी नहीं हुई है, जिसके चलते किसानों के 6-6 हजार रुपये बकाया हो चुके हैं। आमतौर पर पीएम किसान की किस्त जारी होने के बाद राज्य सरकार भी अपनी ओर से 2-2 हजार रुपये की सहायता राशि किसानों के खातों में भेजती है, लेकिन इस बार अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
ऐसे में किसान जानना चाहते हैं कि किसान कल्याण वर्ष मना रही प्रदेश सरकार आखिर मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की बकाया राशि कब जारी करेगी।
CM Kisan Kalyan Yojana :मुख्यमंत्री किसान कल्याण की आखिरी किस्त कब आई थी
मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की आखिरी यानी 13वीं किस्त किसानों के खाते में पिछले साल 14 अगस्त को ट्रांसफर की गई थी। तब मुख्यमंत्री मोहन यादव ने करीब 83 लाख किसानों के खाते में 1671 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे। इससे पहले 2 अगस्त 2025 को पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त आई थी। लेकिन इसके बाद एक के बाद एक किस्तों का पैसा लंबित होता चला गया।
इसके बाद नवंबर पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त आई। लेकिन सीएम किसान कल्याण की 14वीं किस्त किसानों के खाते में नहीं आई। इस साल 13 मार्च को फिर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त किसानों को मिल गई। लेकिन मध्य प्रदेश के किसान 14वीं किस्त के साथ 15वीं किस्त का भी इंतजार करते रहे। अब 20 जून को पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त भी खातों में आ गई। लेकिन अब तक मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 14, 15वीं और अब 16वीं किस्त का कोई पता नहीं है।








