Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में तीन दिन और रहेगा हल्की ठंड का दौर, 11-12 फरवरी...

एमपी में तीन दिन और रहेगा हल्की ठंड का दौर, 11-12 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम

भोपाल (हि.स.)। मध्यप्रदेश में ठंड का एक और दौर शुरू हुआ है। बुधवार को ग्वालियर-जबलपुर समेत प्रदेश के 11 शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। रात में पारा फिर 10 डिग्री के नीचे आ गया है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद प्रदेश में हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है। इस कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।

पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने के बाद प्रदेश में 6 फरवरी के बाद से ठंड का एक और दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक हल्की ठंड रहने का अनुमान जताया है। 11-12 फरवरी से मौसम फिर बदलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बादल छा सकते हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन का कहना है कि अगले 24 घंटे में कई शहरों में कोहरा छाया रहेगा। उत्तर से ठंडी हवाएं आने से दिन में भी ठिठुरन बनी रहेगी। 2 से 3 दिन तक न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।

बीते 24 घंटों में प्रदेश में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। यहां बुधवार को पारा 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 26.8 डिग्री, इंदौर में 26.1 डिग्री, जबलपुर में 24.4 डिग्री और उज्जैन में पारा 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को शिवपुरी, रीवा और खजुराहो में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। नौगांव, सतना, पचमढ़ी, रायसेन, सीधी और उमरिया में पारा 25 डिग्री से कम दर्ज किया गया। नरसिंहपुर में 30 डिग्री, खंडवा में 30.1 डिग्री और खरगोन में 31.6 डिग्री तापमान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर और निवाड़ी जिलों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। यहां विजिबिलिटी 50 से 500 मीटर तक रहेगी। पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, दतिया, भिंड और मुरैना जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा छाएगा। यहां विजिबिलिटी 200 से 800 मीटर तक रह सकती है।

Related Articles

Latest News