MP Weather: आखिकार मध्य प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे ही दी, भीषण गर्मी से हलाकान आमजन बड़ी बेसब्री से मानसून का इंतजार कर रहे थे। मौसम विभाग के अनुसार तीन-चार दिन में मानसून के बादलों से पूरा प्रदेश आच्छादित हो जाएगा।
मौसम विभाग ने आज 17 जून मंगलवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, दमोह, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, सतना, मैहर, मऊगंज सहित 40 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को मानसून उत्तरी सीमा में मध्य प्रदेश के खरगोन तक पहुंच गया। इसके बाद आज इंदौर संभाग के धार, खंडवा और बुरहानपुर जैसे जिलों में मानसून के सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। इसके असर से प्रदेश के दूसरे हिस्सों के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
कई सिस्टम हुए सक्रिय
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। पूर्वी एमपी से लेकर बांग्लादेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। उत्तरी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद है, इससे लेकर पश्चिमी एमपी तक एक द्रोणिका बनी हुई है। पूर्वी यूपी और उसके आसपास भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान पर द्रोणिका के रूप में बना हुआ है।अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है।











