Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशबस कुछ ही दिनों में मध्यप्रदेश में मानसून देगा दस्तक, आज भी...

बस कुछ ही दिनों में मध्यप्रदेश में मानसून देगा दस्तक, आज भी कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल (हि.स.)। मध्यप्रदेश में अब मानसून की आहट शुरू हो गई है। 17 से 18 जून तक मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है। इससे पहले प्रदेश में प्री-मानसून की एक्टिविटी रहेगी। सोमवार को सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। रविवार को धार, रतलाम, छिंदवाड़ा समेत कई शहरों में बारिश हुई तो निवाड़ी, दमोह और छतरपुर गर्म रहे। ऐसा ही मौसम अगले एक सप्ताह तक बने रहने का अनुमान है । सोमवार को छिंदवाड़ा, खंडवा, बुरहानपुर, डिंडोरी में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है।

मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को मानसून मुंबई में ऑनसेट हो गया। दो दिन बाद अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की ब्रांच कमजोर हो जाएगी, जो एक सप्ताह तक ऐसी ही बनी रहेगी। 17 और 18 जून को बंगाल की खाड़ी की ब्रांच एक्टिव होगी। इसके बाद मानसून मध्यप्रदेश में पहुंच सकता है। इससे पहले, मानसून के प्रदेश में आने की उम्मीद कम ही है। हालांकि प्रदेश में अभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), साइक्लोनिक सकुर्लेशन सक्रिय है। इस वजह से प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। रविवार को धार, छिंदवाड़ा, रतलाम समेत कई शहरों में आंधी-बारिश वाला मौसम रहा। दूसरी ओर, प्रदेश के कुछ शहरों में गर्मी का असर भी देखने को मिला।

वहीं, तापमान की बात करें तो दमोह जिले में सबसे अधिक तापमान 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। निवाड़ी के पृथ्वीपुर और छतरपुर के बिजावर में तापमान 44.2 डिग्री रहा। सबसे गर्म शहरों में टीकमगढ़ में 44 डिग्री, सिंगरौली में 43.8 डिग्री, खजुराहो में 43.6 डिग्री, नौगांव में 43.5 डिग्री, ग्वालियर में 43.4 डिग्री, सतना और रीवा में पारा 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में 40.9 डिग्री, इंदौर में 37.4 डिग्री, जबलपुर में 42.5 डिग्री और उज्जैन में तापामन 39.7 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में पारा सबसे कम 36.2 डिग्री दर्ज किया गया। मलाजखंड-छिंदवाड़ा में 37 डिग्री और धार में 37.4 डिग्री रहा।

Related Articles

Latest News