मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रदेश में क्रियाशील एकस्ट्रा हाइटेंशन सब-स्टेशनों की मॉनिटरिंग के साथ अब इनका रिमोट से कंट्रोल और संचालन का ऑपरेशन संभव हो सकेगा।
इसके लिये एमपी ट्रांसको ने अपनी पुरानी स्काडा प्रणाली का केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण की गाइड लाइन्स के अनुसार उन्नयन करते हुये अत्याधुनिक तकनीक से लैस नया स्काडा सिस्टम स्थापित कर क्रियाशील कर लिया है। विगत दिवस इसका संचालन नया गांव जबलपुर स्थित नये कंट्रोल रूम से प्रारंभ हुआ।
ऊर्जा मंत्री ने जानकारी दी कि लगभग 51.88 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से निर्मित इस नये स्काडा सिस्टम में पुराने स्काडा सिस्टम के मुकाबले अनेक नये फीचर्स उपलब्ध है।
भारत सरकार के केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण की गाइड लाइन्स के अनुसार नये स्काडा सिस्टम को नवीनतम तकनीकों और साइबर सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप उन्नत किया गया है, अब प्रदेश के एकस्ट्रा हाइटेंशन सब-स्टेशनों के प्रत्येक मिनिट का रियल टाईम डेटा प्राप्त कर सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे आधुनिक स्काडा सिस्टम की दक्षता और विश्वसनीयता में बढ़ोतरी हुई है, साथ ही इससे सुरक्षा और डेटा विश्लेषण क्षमताओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
ये भी पढ़ें- 7300mAh की दमदार बैटरी और कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले के साथ लॉन्च हुआ Vivo T4 5G
अपग्रेडेशन से ये होगा फायदा
एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता अमरकीर्ति सक्सेना ने बताया कि नए स्काडा सिस्टम में उन्नत फ़ायरवॉल और मल्टी-लेयर सुरक्षा तंत्र शामिल हैं, जो संभावित साइबर खतरों से बेहतर सुरक्षा प्रदान करते हैं। इसके डैशबोर्ड में उन्नत डेटा विश्लेषण की सुविधा हैं, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होती है। रियल-टाइम डेटा एनालिटिक्स से डेटा की सटीकता और प्रासंगिकता में सुधार होगा, जिससे बेहतर निर्णय लेने और त्वरित प्रतिक्रियाओं में मदद मिलेगी।
यूजर-फ्रेंडली इंटरफेस होने के कारण नया सिस्टम आधुनिक और सहज ग्राफिकल यूजर इंटरफेस से सुसज्जित है, जिससे ऑपरेटरों को अधिक कुशलता और सुविधा मिलती है। स्काडा सिस्टम का यह उन्नयन (अपग्रेडेशन) बदलते अंतर्राष्ट्रीय औद्योगिक मानकों और सुरक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सुरक्षित डेटा
अमरकीर्ति सक्सेना ने बताया कि वर्तमान में सायबर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये स्काडा सिस्टम के डेटा मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी की आप्टिकल फायबर ग्राउंड वायर के माध्यम से लोकल एरिया नेटवर्क से प्राप्त होंगे, स्काडा को अपग्रेड करने में अधीक्षण अभियंता मनीष खरे द्वारा संशोधित ड्राइंग-डिजाईन एवं सटीक टेडरिंग प्रक्रिया के साथ स्काडा के सहायक अभियंता अतुल अग्रवाल के स्किल नॉलेज का योगदान रहा।









