बालाघाट। एमपी के बालाघाट स्थित गा्रम देवलगांव लांजी में आज उस वक्त चीख पुकार मच गई। जब बारात में डांस कर रहे दूल्हा-दुल्हन व 12 बारातियों को भागती आ रही स्कार्पियों ने टक्कर मारकर कुचल दिया। दुघर्टना होते देख बारातियों में चीख पुकार व भगदड़ मच गई।
वहीं आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्होने पीछा करते हुए स्कार्पियों को रोककर चालक को बुरी तरह पीटा। घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डाक्टरों ने हालत को देखते हुए भरती कर इलाज शुरु कर दिया।
बताया गया है कि संजय पारधी की बारात मिरिया गांव से लौटकर आज वापस देवलगांव पहुंची। जिसमें बारातियों के साथ साथ दूल्हा-दुल्हन भी डांस कर रहे थे।
इस दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और भीड़ को कुचलते हुए निकल गया। इस टक्कर में दूल्हा संजय और दुल्हन रानू सहित कई लोग बुरी तरह घायल हो गए।
बारात में स्कार्पियों घुसते देख आसपास के लोगों सहित राह चलते लोगों में भी चीख पुकार मच गई। यहां तक कि कुछ लोगों ने भाग रहे चालक को रोककर पकड़ा और जमकर पीट दिया, यहां तक कि स्कार्पियों में भी जमकर तोडफ़ोड़ कर दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसने नशे में धुत्त स्कार्पियों चालक शंकर मेश्राम को हिरासत में ले लिया है।
दुर्घटना में दुल्हन रानू के चेहरे, होंठ और पेट पर गंभीर चोटें आई हैं। जबकि दूल्हे संजय के दोनों पैर जख्मी हो गए हैं। इनके अलावा संध्या, चित्ररेखा, दीपिका और अन्य लोग भी अस्पताल में भर्ती हैं।
गंभीर रूप से घायल संध्या पारधी को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है। इस दुखद घटना की वजह से गांव में होने वाला आशीर्वाद समारोह भी टाल दिया गया है।











