Homeमध्य प्रदेशMP में मौसम का यू-टर्न: गर्मी के बाद अब 3 दिन बारिश-आंधी...

MP में मौसम का यू-टर्न: गर्मी के बाद अब 3 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मार्च के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तीसरी बार मौसम का मिजाज बदलेगा। तेज गर्मी के बीच अब अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से 27, 28 और 29 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। खासतौर पर उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा, जहां तेज हवा के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

इससे पहले भी मार्च में दो बार आंधी-बारिश का दौर आ चुका है, जिसमें 45 से ज्यादा जिले प्रभावित हुए थे और 17 जिलों में ओलावृष्टि दर्ज की गई थी। ऐसे में तीसरे दौर ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि फसलों को नुकसान का खतरा फिर मंडरा रहा है।

हालांकि बारिश से पहले गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर तेज रहेगा। भोपाल, उज्जैन, सागर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। लेकिन 27 मार्च से मौसम में बदलाव शुरू होगा और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो खंडवा में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

येलो अलर्ट वाले जिले:

  • 27 मार्च: ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना
  • 28 मार्च: ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज
  • 29 मार्च: ग्वालियर, उज्जैन, आगर मालवा, राजगढ़, गुना, रतलाम, मंदसौर, नीमच, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर

बड़े शहरों का तापमान:

  • भोपाल: 35.8°C / 18.6°C
  • इंदौर: 36.0°C / 18.0°C
  • जबलपुर: 36.1°C / 19.2°C
  • ग्वालियर: 35.1°C / 17.3°C
  • उज्जैन: 36.5°C / 18.0°C
Related Articles

Latest News