दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, चलती बस में महिला यात्री से छेड़छाड़ का मामला उजागर हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, वारिस ट्रेवल्स की यात्री बस क्रमांक MP 14 PA 0517 बनवार, बांदकपुर और बनगांव होते हुए हटा की ओर आ रही थी। इसी दौरान बस का मालिक और कंडक्टर का काम करने वाला 35 वर्षीय आशिक खान महिला की सीट पर आकर बैठ गया… और फिर शुरू हुई बदसलूकी की हरकतें।
महिला ने विरोध किया… लेकिन आरोपी नहीं रुका। हालात बिगड़ते देख महिला ने तुरंत अपने जीजा को फोन लगाया। भनक लगते ही आरोपी बनगांव में बस से उतरकर फरार हो गया।
वहीं महिला ने हिम्मत नहीं हारी, उसने लुहारी में अपने परिचितों को सूचना दी और बस को लुहारी में रोक लिया गया जिसके बाद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को जब्त कर हटा थाने में खड़ा कर दिया।
लेकिन महिला पुलिस अधिकारी न होने के कारण पीड़िता को दमोह महिला थाने भेजा गया, जहां आरोपी आशिक खान के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में जीरो FIR पर मामला दर्ज कर डायरी हटा थाने भेज दी गई।
हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चलती बस में महिला से छेड़छाड़ की यह घटना एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है… आखिर कब तक महिलाएं सफर के दौरान खुद को असुरक्षित महसूस करती रहेंगी ?











