पीएम मोदी ने मंत्रिमंडल में किया बदलाव, अर्जुन राम मेघवाल होंगे विधि और न्याय राज्यमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में बदलाव करते हुए दो मंत्रियों के मंत्रालयों में परिवर्तन किया है। प्रधानमंत्री के परामर्श पर राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद में मंत्रियों के बीच मंत्रालयों के पुनः आवंटन का निर्देश दिया है।

किरेन रिजिजू से विधि और न्याय मंत्रालय की जिम्मेदारी वापस लेकर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है, वहीं राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को अपने मौजूदा मंत्रालय के अलावा विधि और न्याय मंत्रालय के राज्यमंत्री का स्वतंत्र प्रभार सौंपा जा रहा है।

आईएएस अधिकारी रहे अर्जुनराम मेघवाल बीकानेर से लोकसभा सांसद हैं और वे राजस्थान के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं। पहली बार 2009 में अर्जुनराम मेघवाल भारतीय जनता पार्टी की टिकट से बीकानेर से संसद सदस्य चुने गए। 2014 में उन्हें 16वीं लोकसभा में दोबारा चुनाव में जीत मिली। 2019 के लोकसभा चुनाव में अर्जुनराम मेघवाल बीकानेर से लगातार तीसरी बार सांसद निर्वाचित हुए। सरकार ने उन्हें कार दी है, लेकिन अपनी सादगी के लिए मशहूर अर्जुनराम मेघवाल साइकिल से संसद जाना पसंद करते हैं।