Friday, September 11, 2026
Homeराष्ट्रीयअयोध्या की तर्ज पर होगा प्रभु राम की तपोभूमि चित्रकूट का विकास:...

अयोध्या की तर्ज पर होगा प्रभु राम की तपोभूमि चित्रकूट का विकास: डॉ. मोहन यादव

चित्रकूट (हि.स.)। ग्रामोदय विश्वविद्यालय सभागार में श्री रामचंद्र पथ गमन न्याय की प्रथम बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुये मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि चित्रकूट सहित राम वन पथ गमन मार्ग के सभी प्रमुख स्थलों का विकास किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए पूरी कार्य योजना बनाकर उसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जायेगा। इसमें अधोसंरचना विकास के कार्यों के साथ-साथ धार्मिक चेतना, आध्यात्मिक विकास और राम कथा से जुड़े आयामों को भी शामिल किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि चित्रकूट का अयोध्या की तरह विकास करके इसे भगवान राम के जीवन से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल बनाया जायेगा। विद्वानों के परामर्श से राम वन पथ गमन के प्रमुख स्थलों का विकास किया जायेगा। चित्रकूट के दीवाली मेले तथा अमावस्या मेले में रामकथा और राम के जीवन से जुड़ी प्रदर्शनी एवं राम वन पथ गमन से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित करायें। इनका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

इसके बाद सीएम डाॅ मोहन यादव ने संत रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा स्थापित श्री सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा संचालित सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों का अवलोकन किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के सीएम का श्री सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं डायरेक्टर डॉ.बी के जैन ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नेत्र चिकित्सालय के वाह्य रोगी विभाग आदि का अवलोकन किया। साथ ही ट्रस्ट द्वारा द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी भी डा0 जैन से ली।

मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों को देख और जानकर खूब सराहा और कहा कि वास्तव में मानव सेवा, गौ सेवा और साधु सेवा श्री सदगुरू सेवा संघ ट्रस्ट ही कर रहा है। यह सेवा का सुअवसर बड़े ही सौभाग्य से मिलता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा संचालित नेत्र चिकित्सालय के माध्यम से हर साल लाखों नेत्र रोगियों को ईलाज किया जाता है और लाखों लोगों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन कर रोशनी प्रदान करने का काम किया जाता है जो अपने आप में बहुत बड़ी मानव सेवा का जीता जागता उदारहण है।

इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने सतना सांसद गणेश सिंह व नगर परिषद अध्यक्ष साधना सिंह आदि के साथ कामतानाथ मंदिर पहुंच कर माथा टेका। इस दौरान मंदिर के प्रधान पुजारी भरत शरण दास महाराज ने विधिवत पूजा-आरती कराई। साथ सीएम को भगवान कामतानाथ का चित्र भेंट कर मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद दिया।

इस मौके पर डॉ पूनम आडवाणी, डाॅ राजेश जोशी, डाॅ गौतम सिंह परमार, डाॅ राकेश शाक्य, सहित सदगुरू परिवार के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Latest News