Friday, September 11, 2026
Homeराष्ट्रीयरूस के कब्जे वाले डोनेटस्क में भीषण गोलीबारी, 25 की मौत

रूस के कब्जे वाले डोनेटस्क में भीषण गोलीबारी, 25 की मौत

मास्को (हि.स.)। यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध में मरने वालों की संख्या लगातार दोनों तरफ से बढ़ती जा रही है। ताजा मामले में रूस के कब्जे वाले डोनेटस्क शहर के बाहरी इलाके में स्थित बाजार में रविवार को भारी गोलीबारी में 25 लोगों की मौत हो गई। रूस द्वारा बनाए गए शहर के मेयर एलेक्सी कुलेमजिन ने कहा उपनगर टेकस्टिलशचिक पर हमले में दो बच्चों समेत 20 अन्य लोग घायल हो गए।

मेयर एलेक्सी कुलेमजिन ने दावा किया कि यूक्रेनी सेना की ओर से यह गोले दागे गए। हालांकि, मामले में कीव ने अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है। इधर, रविवार को ही रूस के उस्त-लुगा बंदरगाह पर रासायनिक परिवहन टर्मिनल में दो विस्फोटों के बाद आग लग गई।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, बंदरगाह पर यूक्रेन ने ड्रोन से हमला किया था। इसके बाद गैस टैंक में विस्फोट हो गया। जिसके बाद रूस में प्राकृतिक गैस के दूसरे सबसे बड़ी उत्पादक कंपनी नोवाटेक की साइट पर आग लग गई।रूसी अधिकारी ने बताया कि हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

रूस की सेना ने यूक्रेन के खार्कीव क्षेत्र के एक गांव क्रोखमल्ने पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी और यूक्रेन सेना के प्रवक्ता ने भी इसकी पुष्टि की। इससे पहले गुरुवार को रूस के रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन के पूर्वी डोनेटस्क में वेसले नामक बस्ती पर कब्जा करने की जानकारी दी थी।

Related Articles

Latest News