Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयहीट स्ट्रोक से अचेत होकर इंजन में गिरा लोको पायलट, फिर भी...

हीट स्ट्रोक से अचेत होकर इंजन में गिरा लोको पायलट, फिर भी आला अधिकारियों ने अगले स्टेशन तक गाड़ी चलाने को कहा

महोबा (हि.स.)। महोबा में ट्रेन के लोको पायलट की हीट वेव की चपेट में आने से हालत बिगड़ गई। इंजन के अंदर 56 डिग्री सेल्सियस तापमान पर नौ घंटे से ज्यादा की ड्यूटी करने के बाद अचानक लोको पायलट उल्टी और चक्कर के बाद अचेत होकर गिर गया। सहायक पायलट ने एंबुलेंस की मदद से साथी को उपचार कीजिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। लगभग दो घंटे से ज्यादा समय तक मालगाड़ी महोबा रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही है। दूसरे लोको पायलट के पहुंचने के बाद ट्रेन को महोबा से बांदा के लिए रवाना किया गया है।

इस समय नौतपा का दौर चल रहा है। भीषण गर्मी के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त है।मौसम विभाग के द्वारा बुंदेलखंड में पहले ही हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। गर्मी का असर यहां के आम जनमानस में देखने को मिल रहा है। जनपद का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुँचने वाला है। ऐसे में शरीर को झुलसा देने वाली गर्म हवा और लू ने लोगों को बेहाल कर रखा है। उमस भरी गर्मी के चलते आम जनमानस के साथ-साथ पशु पक्षी भी बेहाल हो रहे हैं।

हीट स्ट्रोक के कारण मालगाड़ी ट्रेन को झांसी से लेकर बांदा जा रहे लोको पायलट विनोद कुमार की कुलपहाड़ स्टेशन पर उल्टी और चक्कर आने के कारण हालत बिगड़ गई। जिसकी सूचना उसने अपने उच्चाधिकारियों के दी। उच्चाधिकारियों के द्वारा लोको पायलट को ट्रेन महोबा स्टेशन तक पहुंचाने की बात कही गई। जिस पर लोको पायलट ट्रेन को लेकर महोबा स्टेशन तक पहुंचा, जहां लोको पायलट हीटवेव के चलते अचेत होकर गिर गया। जिसे सहायक पायलट गगन सैनी के द्वारा एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

जिला चिकित्सालय इमरजेंसी विभाग में तैनात चिकित्सक डॉक्टर विष्णु ने बताया कि लोको पायलट हीटवेव की चपेट में आकर अचेत हो गया है। जिसे उसके साथी के द्वारा उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है।

सहायक लोको पायलट गगन सैनी ने बताया कि इस समय ट्रेन के इंजन का तापमान लगभग 56 डिग्री सेल्सियस था। जहां पर विनोद कुमार नौ घंटे से ज्यादा की ड्यूटी कर चुके थे। हीट वेव के कारण विनोद कुमार की हालत बिगड़ गयी जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। साथी की हालत बिगड़ने की सूचना उच्च अधिकारियों को दी थी, जिस पर अधिकारियों ने मालगाड़ी को महोबा स्टेशन तक पहुंचाने को कहा जहां पर रिलीवर मिलने की बात कही गई थी।

Related Articles

Latest News