Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीययूपी सरकार की 20 हजार युवाओं को रोजगार देने की तैयारी

यूपी सरकार की 20 हजार युवाओं को रोजगार देने की तैयारी

गोरखपुर (हि.स.)। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार की पहल पर नियमित तौर पर आयोजित हो रहे रोजगार मेले बड़े कारगर साबित हो रहे हैं। इन आयोजनों से दोहरा लाभ मिल रहा। एक और इनके जरिए जहां कंपनियों को एक जगह योग्य मानव संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं तो दूसरी ओर बेरोजगार युवाओं को बड़े पैमाने पर नौकरी मिल रही है। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) परिसर में 04 फरवरी को मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेला का आयोजन होने जा रहा है। चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर प्रेरित करने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद उपस्थित रहेंगे।

मिशन रोजगार के अंतर्गत रविवार 4 फरवरी को गोरखपुर में ”ऑन द स्पॉट जॉब मेगा इवेंट” का नजारा देखने को मिलेगा। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में स्थानीय से लेकर बहुराष्ट्रीय स्तर तक की कंपनियां युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोलेंगी। तकनीकी व गैर तकनीकी क्षेत्र में रोजगार का बहार लाने वाले इस मेले में एक ही स्थान पर एक ही दिन लगभग 20 हजार युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। मेले में प्रतिभाग के लिए लगभग 150 कंपनियों के आने की उम्मीद है। मेला परिसर में कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी की उपस्थिति में आयोजित हुए पांच वृहद रोजगार मेलों के जरिये अब तक 32 हजार 923 युवाओं को नौकरी मिल चुकी है। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2021-22 से अब तक अन्य अन्य रोजगार मेलों में 07 हजार 176 युवा सेवायोजित हुए हैं।

रविवार पूर्वाह्न से आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले को लेकर जिला प्रशासन, सेवायोजन कार्यालय, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र मिलकर सभी तैयारियां पूरी करने में जुटे हैं। अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों को एमएमएमयूटी परिसर में स्टाल लगाने को स्थान का आवंटन किया जा रहा है। पंजीकरण से छूटे अभ्यर्थियों के लिए स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था की जा सकती है। रोजगार मेले में अभी तक कंपनियों की तरफ से दर्शायी गई रिक्तियों के अनुसार कक्षा आठ उतीर्ण से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग डिग्री होल्डर तथा सामान्य हाई स्कूल, इंटर, स्नातक, परास्नातक बेरोजगार युवा नौकरी पाने के लिए प्रतिभाग कर सकते हैं।

Related Articles

Latest News