Tuesday, March 10, 2026
Homeराष्ट्रीयगठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर लेंगे सरकार बनाने को लेकर फैसला:...

गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर लेंगे सरकार बनाने को लेकर फैसला: कांग्रेस

नई दिल्ली (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि देश में सरकार बनाने का फैसला वह अपने गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर लेगी। हालांकि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अच्छे विपक्ष की भूमिका निभाने की बात कही।

कांग्रेस पार्टी को लोकसभा चुनाव 2024 में 100 के करीब सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। पिछली बार के 55 सीटों के आंकड़ों के बाद इस बार कांग्रेस लगभग दो गुना सीटों पर जीत के करीब है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पार्टी नेता राहुल गांधी और जयराम रमेश ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर जनता को वोट देने के लिए धन्यवाद दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम जनता के मत को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। सत्ताधारी पार्टी एक व्यक्ति और नाम पर चुनाव लड़ रही थी, जिसे जनता ने नकार दिया है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नैतिक और राजनैतिक हार है। जनता ने उनकी महत्वाकांक्षाओं पर अवरोध लगाया है। महंगाई, बेरोजगारी, किसान और मजदूरों के हितों के लिए जनता ने वोट किया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसे संविधान बचाने के लिए जनता का मत बताया और कहा कि हमने गठबंधन में चुनाव लड़ा है। विपक्षी पार्टियों के साथ हमें मिलकर सरकार बनाना है या नहीं, इस पर फैसला लेंगे। राहुल गांधी ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने राजनीतिक समझ दिखाई है।

Related Articles

Latest News