मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर क्षेत्र के मुख्य अभियंता केएल वर्मा के साथ मध्य प्रदेश विधुत कर्मचारी कर्मचारी संघ फेडरेशन जबलपुर के पदाधिकारियों की बैठक सकारात्मक रूप से सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। फेडरेशन के द्वारा नियमित कर्मचारियों, कंपनी केडर, संविदा कर्मियों, आउटसोर्स कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याओं के नीतिगत मामलों पर विस्तृत विचार विमर्श हुआ। मुख्य अभियंता केएल वर्मा ने कहा कि फेडरेशन ने जो मांग पत्र प्रेषित किया है उस पर नियमानुसार सकारात्मक सोच के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
फेडरेशन के महामंत्री राकेश डीपी पाठक ने कहा कि कर्मचारियों के उच्च वेतनमान का लाभ शीघ्र दिया जाए। बिजली कंपनियों भर्ती के लिए स्वीकृत सभी पदों पर भर्ती हो। संविदा कर्मियों को नियमित किया जाए। भर्ती में आउटसोर्स कार्मिकों को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर प्राथमिकता से नियुक्त किया जाए।
राकेश पाठक ने कहा कि बिजली दुघर्टना में मृत आउटसोर्स कर्मी के परिवार को बीस लाख रुपए की राशि मिले। इसके लिए प्रत्येक आउटसोर्स कर्मी का दस लाख का बीमा ठेका कंपनी करे और दस लाख की राशि बिजली कंपनी द्वारा प्रदान की जाए। दुघर्टना में मृत होने वाले तकनीकी आउटसोर्स कार्मिकों के परिवार को बिना शर्त अनुकम्पा नियुक्ति भी दी जाए।
संविदा कर्मियों को 2023 की नीति से नाम मात्र आर्थिक लाभ मिल रहा है इस पर पुनर्विचार कर संशोधित किया जाए। साथ ही संविदा कर्मी को राष्ट्रीय अवकाश दिवस, उत्सव दिवस पर कार्य करने पर नियमानुसार अतरिक्त वेतन दिया जाए। आउटसोर्स कार्मिकों को भी राष्ट्रीय अवकाश दिवस पर कार्य करने पर अतिरिक्त वेतन दिया जाए। राकेश पाठक ने कहा कि अतिरिक्त वेतन कोई सुविधा या लाभ नहीं है, अपितु यह पारिश्रमिक है।
बैठक में मुख्य अभियंता केएल वर्मा, अधीक्षण अभियंता एके शर्मा, असिस्टेंट मैनेजर एचआर अंजलि परते और अन्य अधिकारी गउपस्थित थे। फेडरेशन की ओर प्रांतीय संगठन मंत्री दिनेश दुबे, क्षेत्रीय सचिव अनूप वर्मा, उमाशंकर दुबे, सिवनी के क्षेत्रीय सचिव ओपी पांडे, लखनादौन के अध्यक्ष चंद्रकांत चौकसे आदि उपस्थित थे।










