Wednesday, July 22, 2026
Homeराष्ट्रीयपहली बार नक्सल प्रभावित गांवों में मनाया गया गणतंत्र दिवस

पहली बार नक्सल प्रभावित गांवों में मनाया गया गणतंत्र दिवस

छत्तीसगढ़ के बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा जिले के 47 गांवों के लिए देश का 77वां गणतंत्र दिवस बेहद खास बन गया, जब आजादी के बाद पहली बार इन गांवों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया।

बस्तर संभाग लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा है। हालांकि, पिछले दो वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित रणनीति, सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई और ग्रामीणों के सहयोग से हालात तेजी से बदले हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 59 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए, जिससे प्रशासन की स्थायी मौजूदगी सुनिश्चित हुई।

इन प्रयासों के चलते बीते वर्ष 53 गांवों में गणतंत्र दिवस मनाया गया था, जबकि इस वर्ष 47 नए गांव इस परंपरा से जुड़े। बस्तर क्षेत्र में अब 100 से अधिक सुरक्षा कैंप स्थापित हो चुके हैं, जिनकी मौजूदगी ने सुरक्षा के साथ-साथ विकास का रास्ता भी खोला है।

सड़कों, स्कूलों, स्वास्थ्य सेवाओं, संचार और बैंकिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं अब धीरे-धीरे दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही हैं। हाल ही में जगरगुंडा जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं की पुनः शुरुआत इस बदलाव का संकेत है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के अनुसार 26 जनवरी 2026 को इन 47 गांवों में फहराया गया तिरंगा शांति, लोकतंत्र और विकास की नई शुरुआत का प्रतीक बन गया है।

Related Articles

Latest News