रेलवे सुरक्षा बल (RPF),। जबलपुर मंडल द्वारा “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण एवं साहसिक कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय सक्रिय, कुख्यात एवं आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जो विभिन्न राज्यों में रेल यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है।
दिनांक 06.04.2026 को प्रातः लगभग 04:50 बजे, सिहोरा रेलवे स्टेशन पर तैनात RPF स्टाफ द्वारा ट्रेन संख्या 11753 से एक संदिग्ध व्यक्ति को ऑफ साइड से उतरकर तेजी से स्टेशन परिसर से बाहर भागते हुए देखा गया। संदेह होने पर RPF कर्मियों ने तत्काल उसका पीछा किया।
गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी पास के स्थानीय बाजार क्षेत्र के समीप स्थित एक तालाब में कूद गया। इस पर RPF द्वारा तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया तथा गोताखोरों की सहायता से तलाशी अभियान चलाया गया। संयुक्त प्रयासों से आरोपी को तालाब से बाहर निकालकर सिहोरा स्टेशन लाया गया।
स्टेशन लाए जाने के उपरांत आरोपी ने पुनः भागने का प्रयास किया, किन्तु RPF के सतर्क एवं साहसी स्टाफ ने मामूली चोटें लगने के बावजूद उसे सफलतापूर्वक पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने का प्रयास किया, किन्तु गहन जांच एवं तकनीकी सत्यापन के आधार पर वर्ष 2018 के एक अंग्रेजी समाचार पत्र में प्रकाशित फोटो से मिलान कर उसकी पहचान स्थापित की गई।
आरोपी की पहचान ,हरविंदर सिंह (उम्र 32 वर्ष), निवासी मोहल्ला खेड़ा, थाना हल्दौर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच एवं ICJS सत्यापन में यह सामने आया कि आरोपी एक अंतर्राज्यीय सक्रिय आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 379/411 के तहत मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं आंध्र प्रदेश के विभिन्न रेलवे पुलिस थानों में अनेक प्रकरण दर्ज हैं।
The accused was found wanted in cases registered at the following places
GRP भोपाल, GRP इटारसी, GRP उज्जैन, GRP इगतपुरी, थाना राजगढ़, थाना वालचंद नगर (पुणे), थाना MIDC (मुंबई), GRP/PS विशाखापट्टनम एवं GRP गुडीवाड़ा।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न स्थानों पर आरोपी के विरुद्ध स्थायी एवं फरार वारंट लंबित हैं, जिनकी पुष्टि संबंधित GRP इकाइयों द्वारा की गई है।
आरोपी का कार्य करने का तरीका अत्यंत शातिर है। वह कभी भी अपनी वास्तविक पहचान उजागर नहीं करता, कोई पहचान पत्र साथ नहीं रखता तथा प्रत्येक वारदात के दौरान नए सिम कार्ड का उपयोग करता है, जिससे उसकी पहचान करना कठिन हो जाता है।
उक्त आरोपी को दिनांक 06.04.2026 को लगभग 04:45 बजे सिहोरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 11753 में एक महिला यात्री के पर्स चोरी करने के प्रयास के बाद भागते समय गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित सभी GRP इकाइयों को सूचना प्रेषित कर दी गई है तथा GRP इगतपुरी, भोपाल एवं इटारसी द्वारा लंबित वारंट की पुष्टि की गई है। आरोपी को दिनांक 08.04.2026 को माननीय न्यायालय (SRM), जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई में IPF राजीव खरब, SI अरविंद, CT विनय मौर्य एवं CT आशीष यादव की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही, जिनकी सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं कर्तव्यनिष्ठा के कारण एक बड़े अपराधी को पकड़ना संभव हो सका।










