मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि कटनी जिले की विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने एवं विद्युत हानियों को कम करने के उद्देश्य से 83 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गए हैं। इसमें से भारत सरकार द्वारा रिवेम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के प्रथम चरण में 51 करोड़ रुपए और राज्य सरकार द्वारा 32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत राशि से कराए जाने वाले कार्यों में 96 किलोमीटर 132 केवी लाइन निर्माण, 6 नवीन 33/11 केवी उपकेंद्र निर्माण, वोल्टेज व्यवस्था के सुधार के लिए 27 स्थानों पर कैपेसिटर बैंक स्थापना, 31 उच्च दाब फीडरों का विभक्तिकरण कार्य, 829 वितरण ट्रांसफार्मर स्थापना, 2936 किलोमीटर निम्न दाब लाइनों का केबलिंग कार्य , 256 उच्च दाब फीडरों का विभक्तिकरण और कंडक्टर क्षमता वृद्धि के कार्य सम्मिलित हैं। इससे कटनी जिले की लगभग 13 लाख की जनसंख्या लाभान्वित होगी। साथ ही आगामी 10 वर्षों की विद्युत मांग की सफलतापूर्वक पूर्ति हो सकेगी।














