वक्री गुरु और शनि आपके जीवन में लायेंगे क्या बदलाव, यहां पढ़ें 18 से 24 सितंबर 2023 तक का साप्ताहिक राशिफल

पं अनिल कुमार पाण्डेय
प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया
सागर, मध्य प्रदेश- 470004
व्हाट्सएप- 8959594400

सोमवार 18 सितंबर से रविवार 24 सितंबर 2023 अर्थात विक्रम संवत 2080 शक संवत 1945 के भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया से भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल।

इस सप्ताह चंद्रमा प्रारंभ में तुला राशि का रहेगा। 20 सितंबर को 6:20 बजे प्रातः से वृश्चिक राशि में गमन करेगा। इसके उपरांत 22 सितंबर को 12:08 बजे दिन से धनुराशि में और 24 तारीख को 3:53 बजे दिन से मकर राशि में प्रवेश करेगा।

इस पूरे सप्ताह सूर्य और मंगल कन्या राशि में गोचर करेंगे। बुद्ध सिंह राशि में और शुक्र कर्क राशि में रहेंगे। वक्री गुरु मेष राशि में और वक्री शनि कुंभ राशि में गोचर करेगा। पिछले महीनों के भांति राहु मेष राशि में ही रहेगा।

मेष राशि

यह सप्ताह आपके संतान के लिए उत्तम है। आपका भाग्य पहले से थोड़ा ज्यादा आपका साथ देगा। शत्रु परास्त हो सकते हैं। धन आने में कमी बरकरार रहेगी। आपका स्वास्थ्य भी थोड़ा बहुत खराब हो सकता है। माता जी को कष्ट हो सकता है। पिताजी का स्वास्थ्य भी थोड़ा नरम रहेगा। मुकदमों में लाभ मिलने की उम्मीद की जा सकती है। इस सप्ताह आपको 18 और 19 सितंबर को अधिकांश कामों में सफलता प्राप्त होगी। 20, 21 और 22 सितंबर के दोपहर तक का समय आपके स्वास्थ्य के लिए अनुकूल है, परंतु 20, 21 और 22 सितंबर के दोपहर तक का समय नए कार्यों को करने के लिए कम अनुकूल है। इस दौरान आप किसी एक्सीडेंट से बचें। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन विशेष रूप से शुक्रवार को मंदिर में जाकर गरीबों के बीच में चावल का दान दें। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

वृष राशि

इस सप्ताह आपके खर्चों में कुछ कमी आएगी। माता जी का स्वास्थ्य ठीक होगा। आपकी संतान को लाभ प्राप्त होगा। अगर आप कर्मचारी अधिकारी हैं तो आपको अपने कार्यालय में सहयोगियों से मदद प्राप्त नहीं हो पाएगी। आपका भाग्य आपका थोड़ा बहुत साथ दे सकता है। आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। पिताजी के स्वास्थ्य में बाधा आ सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 20 और 21 तारीख ठीक-ठाक है। सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सतर्क रहकर ही कोई कार्य करना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह प्रतिदिन गायत्री मंत्र की एक माला का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

मिथुन राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। धन आने की मात्रा में कमी आएगी। व्यापार ठीक चलेगा। संतान से आपको कुछ परेशानी हो सकती है। संतान का सहयोग आपको प्राप्त नहीं हो पाएगा। जनता में आपकी उपयोगिता बढ़ेगी। भाग्य आपका कम साथ देगा। इस सप्ताह आपके लिए 22 की दोपहर के बाद से 23 और 24 तारीख किसी भी कार्य को करने के लिए उपयुक्त हैं। इन तिथियां में आपके अधिकांश कार्य सफल होंगे। 20-21 तारीख को आपको रोग से मुक्ति मिल सकती है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन हनुमान चालीसा का सात बार जाप करें तथा शनिवार के दिन दक्षिण मुखी हनुमान जी के मंदिर में जाकर हनुमान चालीसा का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन  रविवार है।

कर्क राशि

इस सप्ताह आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। पिताजी के स्वास्थ्य में थोड़ी परेशानी आ सकती है। माता जी का स्वास्थ्य ठीक रहने की उम्मीद है। भाग्य आपका साथ देगा। छोटी-मोटी दुर्घटना हो सकती है। धन आने की उम्मीद है। संतान से आपको लाभ प्राप्त होगा। भाइयों और बहनों से आपका संबंध सामान्य रहेगा। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी। इस सप्ताह आपके लिए 18 और 19 तारीख उत्तम है। 22, 23 और 24 तारीख को आपको सावधान रहकर कोई कार्य करने की आवश्यकता है। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह प्रतिदिन पीपल के पेड़ के नीचे मिट्टी का दीपक जलाकर पीपल की सात बार परिक्रमा करें।  सप्ताह का शुभ दिन सोमवार है।

सिंह राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। कचहरी के कार्यों में बाधा आ सकती है। भाग्य से आपके सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा। आपको अपने परिश्रम से ही फल की प्राप्ति होगी।  आपके जीवनसाथी को कष्ट हो सकता है। आपके सुख में कमी आएगी। माता जी को कष्ट हो सकता है। पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। कार्यालय में आपके सहयोग प्राप्त होगा। भाइयों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे। इस सप्ताह आपके लिए 20, 21 और 22 तारीख उपयुक्त नहीं है। सप्ताह के बाकी दिन ठीक-ठाक हैं। इस सप्ताह आप सभी कार्य सावधानीपूर्वक ही करें। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

कन्या राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य ठीक रहने की उम्मीद है। अगर आप ब्लड प्रेशर या डायबिटीज के मरीज है तो इसमें वृद्धि हो सकती है। कृपया इस संबंध में निरंतर सावधान रहें। पेट के अंदर की बीमारियां भी हो सकती हैं। धन आने में कमी होगी। शत्रुओं की संख्या में वृद्धि होगी। व्यापार में वृद्धि होगी। कचहरी के कार्यों में थोड़ी बहुत सफलता मिल सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 22, 23 और 24 तारीख किसी भी कार्य को करने के लिए उपयुक्त हैं। 20, 21 और 22 तारीख को आपको अपने भाइयों और बहनों से अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप भगवान शिव का दूध और जल से प्रतिदिन अभिषेक करें या किसी विद्वान ब्राह्मण द्वारा अभिषेक करवायें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

तुला राशि

इस सप्ताह आपके व्यापार में वृद्धि होगी। कचहरी के कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। अगर आप कर्मचारी अधिकारी हैं तो आपको अपने साथियों से कम सहयोग प्राप्त होगा। आपको अपनी संतान से इस सप्ताह सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य में थोड़ी कमी रहेगी। भाई बहनों के साथ उत्तम संबंध रहेगा। अगर आप थोड़ा प्रयास करेंगे तो आप अपने दुश्मनों को समाप्त कर सकते हैं। इस सप्ताह आपके लिए 18 और 19 सितंबर उत्तम है। 18 और 19 सितंबर को आपके अधिकांश कार्य सफल होंगे। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप रुद्राष्टक मंत्र के साथ में भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।

वृश्चिक राशि

इस सप्ताह आपकी कुंडली के गोचर में धन वृद्धि का योग बन रहा है। इस सप्ताह आपके पास धन आने की उम्मीद की जा सकती है। यह भी कह सकते हैं कि सप्ताह आपके पास धन आएगा। अगर आप कर्मचारी अधिकारी हैं तो आपको अपने कार्यालय में अपने साथियों से अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। आपका व्यापार उत्तम चलेगा। भाग्य के स्थान पर आपको इस सप्ताह अपने परिश्रम पर विश्वास करना चाहिए। माता जी के स्वास्थ्य में थोड़ी कमी हो सकती है। इस सप्ताह आपको 18 और 19 सितंबर को सावधान रहकर ही कोई कार्य करना चाहिए। इस पूरे सप्ताह आपको सचेत रहना चाहिए। आपके पेट में कष्ट हो सकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप ओम नमः शिवाय मंत्र की एक माला का प्रतिदिन जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

धनु राशि

अगर आप कर्मचारी अधिकारी हैं तो यह सप्ताह आपके लिए उत्तम है। आपको अपने सबसे बड़े अधिकारी का बहुत अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। इस सप्ताह आपका भाग्य आपकी पूर्ण मदद करेगा। धन आने की भी उम्मीद है। कचहरी के कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। संतान से आपके सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा। भाई बहनों के साथ संबंधों में तनाव आ सकता है।  आपका स्वास्थ्य सामान्य तौर पर ठीक रहेगा। परंतु स्त्री जातक को समस्या आ सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 20 तारीख के दोपहर के बाद से 23 और 24 तारीख का समय लाभप्रद और फलदायक है। 20, 21 और 22 को कचहरी के कार्यों में सफलता की उम्मीद है। कर्जे में थोड़ी कमी भी हो सकती है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप राम रक्षा स्त्रोत का प्रतिदिन जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

मकर राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आपके जीवन साथी के स्वास्थ्य में थोड़ी समस्या आ सकती है। भाग्य भी इस सप्ताह आपका सामान्य रूप से साथ देगा। आपको अपने कार्यालय में लोगों से सहयोग प्राप्त होगा। व्यापार में थोड़ी बहुत बाधा आ सकती है। माता जी के स्वास्थ्य में थोड़ी खराबी हो सकती है। पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। इस सप्ताह आपके लिए 18 और 19 तारीख फलदायक और लाभप्रद है। 20, 21 और 22 तारीख को धन आने की उम्मीद है। 22, 23 और 24 तारीख को आपको सावधान रहकर कोई कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप काले कुत्ते को रोटी खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

कुंभ राशि

इस सप्ताह आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। आपके व्यापार में वृद्धि होगी। व्यापार से उत्तम धन की प्राप्ति हो सकती है। भाग्य आपका साथ देगा। लंबी यात्रा का भी योग बन सकता है। खून संबंधी कोई बीमारी जैसे ब्लड प्रेशर का बढ़ना डायबिटीज आदि हो सकती है। स्त्री जातकों को बीमारी से सावधान रहने की ज्यादा आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको 20, 21 और 22 तारीख को सावधान रहकर कार्य करने की आवश्यकता है। अगर आप सावधान रहकर कार्य करेंगे तो आप सफल होंगे। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप पंचाक्षरी मंत्र का प्रतिदिन जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।

मीन राशि

मीन राशि के जातकों को अपने जीवन साथी से काफी मदद मिलेगी। जीवनसाथी के स्वास्थ्य में थोड़ी गड़बड़ हो सकती है। आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। धन आने में बाधा आएगी। कचहरी के कार्यों में सफलता की उम्मीद कम है। आपको अपनी संतान से सहयोग प्राप्त नहीं होगा। दुश्मनों की संख्या में कमी होगी। इस सप्ताह आपके लिए 22 की दोपहर के बाद से 23 और 24 तारीख उत्तम है। 18 और 19 तारीख को आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। 20, 21 और 22 तारीख को भाग्य आपका कम साथ देगा। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप घर की बनी पहली रोटी गौ माता को दें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।