(हि.स.)। समाज कल्याण विभाग ने प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च सेवाओं तक पहुंचाने के लिए पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा–2025 उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क मुख्य परीक्षा कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया है। यह प्रशिक्षण गोमती नगर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन में संचालित होगा।
संयुक्त निदेशक आनंद कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि यह सुविधा केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध है। इसके तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के वे अभ्यर्थी, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 6 लाख रुपये से अधिक न हो और जिन्होंने यूपीपीसीएस प्रारंभिक परीक्षा–2025 उत्तीर्ण की हो, लेटरल एंट्री के माध्यम से कोचिंग में शामिल हो सकेंगे। मुख्य परीक्षा की तिथि घोषित होने तक कोचिंग नियमित रूप से संचालित होगी।
आवेदन के समय अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और शैक्षिक प्रमाण पत्रों की प्रतियां जमा करनी होंगी। साथ ही 2000 रुपये की कॉशन मनी जमा करने के बाद प्रवेश दिया जाएगा।
संयुक्त निदेशक ने बताया कि कोचिंग सत्र में अभ्यर्थियों को हॉस्टल, भोजन और लाइब्रेरी की नि:शुल्क सुविधा मिलेगी। इसके अलावा मुख्य परीक्षा केंद्रित उत्तर लेखन अभ्यास, मॉडल टेस्ट, विषय विशेषज्ञों की नियमित कक्षाएं, परीक्षा पैटर्न आधारित विशेष सत्र और आवश्यक अध्ययन-सामग्री भी प्रदान की जाएगी।
यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले युवाओं को मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।












