भारत में कोलकाता और गुवाहाटी में दिखाई देगा पूर्ण चंद्र ग्रहण, 9 घंटे पहले लग जायेगा सूतक

भारत में 8 नवम्बर 2022 को पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। चंद्रोदय के समय ग्रहण भारत के सभी स्थानों से दिखाई देगा। हांलाकि ग्रहण की आंशिक एवं पूर्णावस्था का आरम्भ भारत के किसी भी स्थान से दिखाई नहीं देगा, क्योंकि यह घटना भारत में चंद्रोदय के पहले ही प्रारम्भ हो चुकी होगी। ग्रहण की पूर्णावस्था एवं आंशिक अवस्था दोनों ही का अंत देश के पूर्वी हिस्सों से दिखाई देगा। देश के बाकी हिस्सों से आंशिक अवस्था का केवल अंत ही दिखाई देगा।

ग्रहण दक्षिण अमरीका, उत्तर अमरीका, ऑस्ट्रेलिया, एशिया, उत्तर अटलांटिक महासागर तथा प्रशांत महासागर के क्षेत्रों में दिखाई देगा। भारतीय समय अनुसार 2:39 बजे प्रारम्भ होगा, जिसकी पूर्णावस्था 5:46 बजे प्रारम्भ होगी। ग्रहण की पूर्णावस्था का अंत 5:12 बजे होगा तथा आंशिक अवस्था का अंत 6:19 बजे होगा। भारत में चंद्र ग्रहण शाम के 5:30 बजे शुरू होकर 6:19 बजे समाप्त होगा।

देश के पूर्वी भाग में स्थित शहरों यथा कोलकाता एवं गुवाहाटी में चंद्रोदय के समय ग्रहण की पूर्णावस्था चल रही होगी। कोलकाता में चंद्रोदय के समय से लेकर पूर्णावस्था के अंत तक की अवधि 20 मिनट की होगी तथा चंद्रोदय के समय से लेकर ग्रहण की आंशिक अवस्था के अंत तक की अवधि 1 घंटा 27 मिनट की होगी। गुवाहाटी में चंद्रोदय के समय से लेकर पूर्णावस्था के अंत तक की अवधि 38 मिनट की होगी जबकि वहाँ चंद्रोदय के समय से लेकर ग्रहण की आंशिक अवस्था के अंत तक की अवधि 1 घंटा 45 मिनट की होगी।

अन्य शहरों यथा दिल्ली, मुम्बई, चेन्नै एवं बंगलुरू में पूर्णावस्था के अंत के उपरांत चंद्रोदय होगा एवं उस समय आंशिक ग्रहण चल रहा होगा तथा उपर्युक्त शहरों में चंद्रोदय के समय से लेकर ग्रहण की आंशिक अवस्था के अंत तक की अवधि क्रमश: 50 मिनट, 18 मिनट, 40 मिनट एवं 29 मिनट तक की होगी। भारत में अगला चंद्र ग्रहण 28 अक्टूबर 2023 को होगा जो कि आंशिक चंद्र ग्रहण होगा। भारत में दृश्य पिछला चंद्र ग्रहण 19 नवम्बर 2021 को हुआ था जो कि आंशिक चंद्र ग्रहण था।

वहीं सनातन मान्यता के अनुसार चंद्र ग्रहण का सूतक काल ग्रहण समय से 9 घंटे पहले ही प्रारंभ हो जाता है। जिस स्थान पर ग्रहण प्रारंभ का जो समय होगा, उससे 9 पूर्व से सूतक काल की गणना करनी चाहिए। ऐसे में 8 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा को चंद्र ग्रहण का सूतक काल सुबह 9:21 बजे से प्रारंभ हो जाएगा। स्थान के आधार पर सूतक काल के प्रारंभ समय में थोड़ा अंतर संभव है। ग्रहण का सूतक काल भारत में मान्य होगा।