गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस ने जीता प्रतिष्ठित सिप्स पुरस्कार

गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) सीआईपीएस एक्सेलेंस इन प्रोक्योरमेंट अवार्ड्स 2021 में डिजिटल टेक्नोलॉजी के सर्वश्रेष्ठ उपयोग वर्ग में विजेता घोषित की गई। जीईएम जीईपी, जगुआर लैंड रोवर, रॉयल डच शेल, वेंडिडिजिटल तथा शेल सहित सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की वैश्विक रूप से कुछ सबसे बड़ी तथा सर्वश्रेष्ठ नामों वाली प्रोक्योरमेंट कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने के बाद जीईएम इस वर्ग में विजेता बन कर उभरी।

जीईएम का चयन दो अन्य वर्गों अर्थात वर्ष की सार्वजनिक प्रोक्योरमेंट परियोजना तथा एक विविध आपूर्ति आधार का निर्माण करने के लिए सर्वश्रेष्ठ पहल में भी फाइनलिस्ट के रूप में किया गया। जीईएम की तरफ से यह पुरस्कार कल लंदन में आयोजित एक समारोह में ब्रिटेन में भारत के उच्चायोग के प्रथम सचिव (इकोनोमिक) श्री रोहित वधवाना द्वारा ग्रहण किया गया।

सिप्स पुरस्कार वैश्विक रूप से प्रोक्योरमेंट से संबंधित सबसे अग्रणी सम्मानों में से एक है जिसका आयोजन लंदन के चार्टर्ड इंस्टीच्यूट ऑॅफ प्रोक्योरमेंट एंड सप्लाई (सिप्स) के तत्वाधान में किया जाता है। सिप्स 150 देशों में एक समुदाय के साथ प्रोक्योरमेंट तथा आपूर्ति प्रबंधन में अच्छे प्रचलनों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित एक वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन तथा पेशेवर निकाय है।