Weather Forecast: देश में मानसून की सक्रियता तेज हो गई है। एक हफ्ते की भीषण गर्मी के बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और अन्य राज्यों में आंधी-तूफान और तेज बारिश का मंजर दिखाई दे रहा है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी 15 जून को बारिश शुरू हो चुकी है। हालांकि अभी तक मानसून ने सभी राज्यों में दस्तक नहीं दी है, पर जहाँ-जहाँ भी मानसून पहुँच गया है, वहाँ-वहाँ अच्छी बारिश हो रही है।
वहीं कुछ राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियों के कारण बारिश हो रही है, तो कुछ क्षेत्रों अब भी भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे लोगों का बुरा हाल है। इस बीच मौसम विभाग ने आज से अगले 6 दिन के लिए कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, तो कई राज्यों में हल्की अथवा मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज 16 जून को तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय कर्नाटक में कई जगहों पर जोरदार बारिश की संभावना है। वहीं 16 से 18 जून के दौरान कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है।
इसके अलावा 17 जून को तमिलनाडु, पुडुचेरी में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश की होने की संभावना है। 18 और 19 जून को केरल में मूसलाधार बारिश के आसार हैं। इस दौरान इन राज्यों में 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 16 से 21 जून के दौरान कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। जबकि 19 और 20 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं 18 से 21 जून के दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर मूसलाधार बारिश की संभावना है। 20 और 21 जून को हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर मूसलाधार बारिश की संभावना है। 21 जून को हरियाणा में कई जगहों पर मूसलाधार बारिश की संभावना है।
आज 16 जून को असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश की संभावना है। 16 से 21 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर मूसलाधार बारिश की संभावना है।








