MPPKVVCL में जल्द मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति, भरें जायेंगे रिक्त पद

मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रही मध्य प्रदेश की पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में शीघ्र ही एक हजार से ज्यादा रिक्त पदों पर भर्ती की जायेगी। जानकारी के अनुसार भर्ती किये जाने वाले पदों में से लगभग 450 पदों पर अनुकंपा नियुक्ति से भर्ती की जाएगी, जिनमें से 45 पद कोविड-19 अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत भरे जायेंगे।

विद्युत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी में बड़ी संख्या में विभिन्न पद रिक्त पड़े हैं, जिनमें मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रिक्त पदों की संख्या अधिक है। मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कमी से जूझ रही कंपनी को इससे निजात दिलाने के लिये जल्द ही भर्ती की जायेगी।

वहीं मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार पूर्व क्षेत्र कंपनी में पदस्थ लाइन स्टाफ में ज्यादातर कर्मियों की उम्र 50 वर्ष से ज्यादा हो चुकी है। जिसके कारण उन्हें विद्युत पोल पर चढ़कर कार्य करने में मुश्किल होती है। नियमित लाइन स्टाफ के उम्रदराज होने के चलते आउटसोर्स कर्मियों से नियम विरुद्ध करंट का कार्य कराया जा रहा है। जिससे अनेक दुर्घटनायें भी घटित हो रही है, जिसे देखते हुए नियमित लाइन स्टाफ की भर्ती की जायेगी।

इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता के पदों को भरने के लिए भी प्रदेश शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। रिक्त पदों पर भर्तियां कब होंगी इसका निर्णय कंपनी प्रबंधन के द्वारा किया जाएगा।