MPEB के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव राकेश साहनी का निधन, सीएम चौहान ने जताया शोक

मध्यप्रदेश राज्य विद्युत मण्डल के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व प्रमुख सचिव ऊर्जा, विद्युत नियामक आयोग के पूर्व अध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव राकेश साहनी का आज नई  दिल्ली में निधन हो गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मप्र राज्य विद्युत मण्डल एवं विद्युत नियामक आयोग के पूर्व अध्यक्ष तथा प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव राकेश साहनी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। सीएम चौहान ने कहा कि स्व. राकेश साहनी कुशल, अनुभवी और अत्यंत परिश्रमी प्रशासक थे। उन्होंने प्रदेश के प्रशासनिक फलक पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। सीएम चौहान ने कहा कि स्व. श्री साहनी ने ऊर्जा के क्षेत्र में पूरे देश में मध्यप्रदेश की पहचान स्थापित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राकेश साहनी का निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है। शासन तथा प्रशासन के प्रत्येक आयाम में उनकी गहरी पकड़ थी। वर्ष 2006 से 2010 तक प्रदेश के मुख्य सचिव रहे राकेश साहनी का तत्कालीन समसामयिक चुनौतियों से निपटने और प्रदेश के सर्वांगीण विकास में योगदान अविस्मरणीय रहेगा। सीएम चौहान ने दिवंगत राकेश साहनी की सुपुत्री को फोन कर ढाढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजन को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।