मध्य प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ महिलाओं के लिए एक बार फिर खुशखबरी है। लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त 14 फरवरी को जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खंडवा जिले के पंधाना में आयोजित कार्यक्रम से महिलाओं के खातों में 1500 रुपये ट्रांसफर करेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान पंधाना विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया जाएगा। इससे पहले 16 जनवरी को नर्मदापुरम से 32वीं किस्त जारी की गई थी, जिसमें पात्र महिलाओं के खातों में 1856 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई थी।
घट रही लाभार्थियों की संख्या
योजना की शुरुआत के समय लगभग 1.32 करोड़ महिलाएं लाभार्थी थीं। बाद में यह संख्या घटकर 1.29 करोड़ और फिर 1.26 करोड़ रह गई। पिछले महीने करीब एक लाख से अधिक नाम सूची से हटा दिए गए।
जानकारी के अनुसार, जो महिलाएं पात्रता की शर्तें पूरी नहीं कर रही थीं या जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक हो चुकी है, उनके नाम हटाए गए हैं। गाइडलाइंस के मुताबिक योजना का लाभ 60 वर्ष की आयु तक ही दिया जाता है।
ऐसे चेक करें अपना नाम
अगर आपको यह जानना है कि आपका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं, तो आप आधिकारिक पोर्टल
https://cmladlibahna.mp.gov.in/ पर जाकर जांच कर सकती हैं।
वेबसाइट पर दो विकल्प उपलब्ध हैं:
-
अंतिम सूची में जाकर नाम देखें
-
आवेदन एवं भुगतान की स्थिति पर क्लिक कर स्टेटस चेक करें
इसके लिए रजिस्ट्रेशन नंबर या समग्र आईडी दर्ज करनी होगी। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से वेरिफिकेशन के बाद आपका स्टेटस स्क्रीन पर दिखाई देगा।
बजट से बढ़ीं उम्मीदें
लाडली बहना योजना में नए रजिस्ट्रेशन फिलहाल बंद हैं। ऐसे में प्रदेश की महिलाएं 18 फरवरी को पेश होने वाले राज्य बजट से उम्मीद लगाए बैठी हैं। संभावना जताई जा रही है कि सरकार योजना की राशि बढ़ाने या नई घोषणा कर सकती है।
अब 14 फरवरी को जारी होने वाली 33वीं किस्त के साथ एक बार फिर प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने जा रहा है।











