सागर। एमपी के सागर स्थित रानीपुरा इलाके में देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर समोसा बेचने वाले युवक चंद्रलेश चौरसिया की कटर से गला काटकर हत्या कर दी।
पत्नी पर हमला होते देख पत्नी बीच बचाव करने आई तो उसपर भी घातक वार किए। महिला को उपचार के बुंदेलखंड मेडिकल कालेज में भरती कराया गया है। जहां पर महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चंद्रलेश चौरसिया सागर के गणेश मंदिर के पास समोसे की दुकान चलाते थे। बीती रात चंद्रलेश दुकान बंद कर घर आ गए, देर रात तीन से चार बदमाश घर के अंदर आए।
जिन्हे देख परिजन कुछ समझ पाते इससे पहले चंद्रेश पर बदमाशों ने कटर से हमला कर गला काट दिया। पति पर हमला होते देख पत्नी शशि उर्फ प्रेमबाई चौरसिया बीच-बचाव करने आई तो बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया।
शोर सुनकर कमरे में सो रहा बेटा बाहर आया, उसने माता पिता को खून से लथपथ हालत में देखा तो चीख पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए।
क्षेत्रीय लोगों की भीड़ देखकर बदमाश धमकी देते हुए भाग निकले। क्षेत्रीय लोगों ने घायलों को बीएमसी पहुंचाकर पुलिस अधिकारियों को खबर दी। अस्पताल में चंद्रलेश की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं पत्नी शशि की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
इधर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
जमीन को लेकर विवाद चल रहा-
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में मृतक और वारदात में शामिल एक आरोपी के परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मृतक के घर में हिस्सा मांगा जा रहा है।
इसी विवाद को लेकर आरोपी अपने दोस्तों के साथ हमला करने पहुंचा। हालांकि अभी जांच चल रही है। परिवार के बयान लिए जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।











