जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित लिंक रोड स्थित शराब दुकान पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने जमकर तोडफ़ोड़ की। यहां तक कि बदमाशों ने दुकान के मैनेजर पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में मैनेजर को गंभीर चोटें आई है। जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भरती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस अधिकारिायों के अनुसार मदनमहल लिंक रोड पर स्थित शराब दुकान का ठेका दमोह निवासी अयोध्या प्रसाद राय के नाम है। संचालक ने बताया कि देर रात अचानक 25 से 30 युवक दुकान में घुस आए और राकेश राय के बारे में पूछताछ करने लगे। दुकान में मौजूद मैनेजर अनिकेत सिंह ने जब बताया कि राकेश राय दुकान में मौजूद नहीं हैंए तो बदमाश आक्रोशित हो गए। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी डीवीआर को उठा लिया और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मैनेजर अनिकेत सिंह ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब 15 मिनट तक बदमाशों ने दुकान में जमकर तोडफ़ोड़ की और शराब की कई बोतलें फोड़ दीं। आरोपी दुकान से शराब की कई बोतल और कैश भी लूटकर ले गएए जिससे लाखों रुपए के नुकसान की बात कही जा रही है। शराब दुकान संचालक ने आरोप लगाया है कि यह वारदात किसी दूसरे शराब दुकान संचालक के इशारे पर की गई है। हालांकि पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है।
दुकान संचालक का कहना है कि आशीष शिवहरे शराब ठेकेदार हैं, उनको द्बारा लगातार धमकी दी जा रही है कि दुकान हमारे हवाले कर यहां से चले जाओ नहीं तो तुम्हें बर्बाद कर देंगे। उन्होंने बताया कि फोन पर गाली भी दी गईं। धमकी दी जा रही है कि अगर जबलपुर में रहोगे तो गोली से मरवा देंगे। राकेश राय का कहना है कि इस घटना को लेकर पुलिस से शिकायत की गई है, इसके साथ ही सुरक्षा भी मांगी गई है।
शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे का कहना है कि मेरे ऊपर जो भी आरोप लगाए गए हैं, वह पूरी तरह से निराधार हैं। उनका कहना है कि राकेश राय दुकान के अलावा बाहर से भी अपने लड़कों के माध्यम से शराब बेच रहा है, जिसका विरोध दूसरे ठेकेदार कर रहे हैं। हो सकता है इसी वजह से हमला हुआ हो, नाम मेरा ले रहे हैं। राकेश राय की शिकायत पर मदनमहल थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।











