मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर सिटी सर्किल के अंतर्गत विजयनगर संभाग के कार्यपालन अभियंता शरद विश्वकर्मा से मुलाकात कर मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में संघ पदाधिकारियों ने कार्य के दौरान आउटसोर्स कर्मियों को करंट लगने की घटना पर चर्चा की।
हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यपालन अभियंता से विजयनगर संभाग के दो आउटसोर्स कर्मियों को करंट लगने की घटना और लाइन कर्मचारियों की लंबित मस्याओं पर चर्चा की गई। कार्यपालन अभियंता को बताया गया कि आउटसोर्स कर्मी मिनेंद्र पंचतिलक 12 अप्रैल 2025 को करंट लगने से घायल हो गया था, जिसके बाद उसने स्वयं इलाज करवाया, जिसमें उसे 60,000 रुपये का व्यय आया, लेकिन ठेका कंपनी रक्षक के द्वारा किसी भी प्रकार की सहायता राशि नहीं दी गई।
हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि चर्चा के दौरान कार्यपालन अभियंता ने बताया कि सुरक्षा उपकरण, जैसे- हैंड ग्लव्स, रबर एंकर शू, प्लास्क, पेचकस, टेस्टर, झूला, टॉर्च, डिस्चार्ज रोड आदि तकनीकी कर्मचारियों को दिए गए हैं, उन्होंने कहा कि अगर किसी कर्मचारी के पास नहीं है तो जानकारी देने पर तत्काल दिए जाएंगे।
संघ ने कहा कि सब-स्टेशनों में ऑपरेटर के साथ एक हेल्पर भी दिया जावे तो कार्यपालन अभियंता ने कहा कि कंपनी के नियम अनुसार तीन ऑपरेटर के साथ एक हेल्पर रखने के आदेश दिए गए हैं।
संघ ने कहा कि डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स में लगे कटआउट में एल्युमिनियम का फ्यूज तार ना लगवा कर तांबे की तार का फ्यूज लगाया जावे, जिस पर कार्यपालन अभियंता ने कहा कि हो सकता है तांबे के तार की कमी होने से हो सकता है इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संघ ने कहा कि 33X11 केवी लाइनों के नीचे गार्डिंग लगवाई जावे, जिस पर कार्यपालन अभियंता ने कहा कि नियम होगा तो उसका पालन किया जावेगा।
संघ ने कहा कि परीक्षण सहायकों से आपके द्वारा मूल कार्य न कराते हुए अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। इस पर कार्यपालन अभियंता ने कहा कि इसकी लिखित जानकारी दी जावेगी। संघ ने कहा कि लाइन कर्मचारियों से एक सप्ताह ही नाइट ड्यूटी कराना है, अन्यथा उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ता है, इस पर कार्यपालन अभियंता ने कहा कि इस पर ध्यान दिया जावेगा एवं समय पर नाइट अलाउंस भी दिया जावेगा। नियमित, संविदा, एवं आउटसोर्स कर्मचारी से अवकाश के दिन कार्य कराया जा रहा है। 6 माह की जानकारी, आदेश सहित दें। कार्यपालन अभियंता ने कहा कि लिखित जानकारी दी जावेगी।
संघ ने कहा कि नियमित, संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारी से लगातार 27 एक्स्ट्रा वेजेस कराए गए हैं, उनको उनके श्रम का पैसा नहीं दिया गया। इस पर कार्यपालन अभियंता ने कहा कि इसकी जानकारी दी जावेगी।
संघ ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी उच्च कुशल, कुशल, अर्ध कुशल, अकुशल सहित चार प्रकार के आउटसोर्स कर्मचारी को कार्य करने की अधिकृत सूची दी जाए, उनको किन-किन जगह पदस्थ किया गया है। जोखिम भत्ता किन-किन को दिया गया। जोखिमपूर्ण कार्य करने का अधिकार किसको है बताएं। इस पर कार्यपालन अभियंता ने कहा कि इसकी लिखित जानकारी दी जावेगी।
संघ ने मांग की है कि सब-स्टेशनों में हैलोजन लगे, ऑपरेटर के लिए कुर्सी, फर्नीचर, हास्टेड बॉक्स, आग बुझाने के लिए संयंत्र आदि की व्यवस्था कराई जावे। इस पर कार्यपालन अभियंता ने कहा कि सब-स्टेशनों को चेक कर, जहां जिस चीज की कमी होगी तत्काल पूरी कराई जावेगी।
संघ ने मांग की, राजस्व वसूली, मेंटेनेंस या जोखिमपूर्ण कार्य करने के लिए लाइनमैन के साथ हेल्पर भी भेजें। पोल से बिजली काटने या जोड़ने के लिए लाइनमैन के साथ दो हेल्पर भेजें। इस पर कार्यपालन अभियंता ने कहा कि कर्मचारियों की बेहद कमी होती जा रही है, किसी तरह से मैनेज करके संभाग के उपभोक्ताओं की समस्याओं का निदान किया जा रहा है।
बैठक में संघ की ओर से राजकुमार सैनी, मोहन दुबे, अजय कश्यप, राजू नायडू, प्रदीप पांडे आदि उपस्थित थे। कार्यपालन अभियंता ने आश्वस्त किया है कि नियमित, संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जावेगा एवं एक सप्ताह में संघ को लिखित जानकारी दी जावेगी।










